दीपावली पर अलर्ट मोड पर लखनऊ के अस्पताल-मेडिकल संस्थान, मिलेगी 24 घंटे इमरजेंसी सेवा

दीपावली पर हादसे

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दीपावली पर होने वाले हादसों को देखते हुए लखनऊ के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल संस्थानों को अलर्ट मोड कर रखा गया है। जहां मरीजों और घायलों की सुविधा के लिए दीपावली के दिन सोमवार को भी ओपीडी का संचालन किया जाएगा, वहीं इमरजेंसी सेवाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगी। शहर में 108 और 102 एम्बुलेंस सेवाएं 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहेंगी।

जानकारी के मुताबिक दीपावली के दिन सरकारी अस्पतालों में ओपीडी का संचालन दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। साथ ही इमरजेंसी स्थिति से निपटने के लिए इमरजेंसी सेवाओं को राउंड द क्लॉक अलर्ट पर रखा गया है। सभी सरकारी अस्पतालों में बेड आरक्षित किए गए हैं, इलाज से जुड़ी सभी तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध केजीएमयू के ट्रामा सेंटर प्रभारी डा. प्रेमराज सिंह ने रविवार को बताया कि दीपावली में पटाखों से घायलों के उपचार के लिए पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। दीपावली के मद्देनजर अलग से बेड आरक्षित किया गया है।

यह भी पढ़ें- UP: पटाखा बाजार में लगी भीषण आग, 65 दुकानें राख, कई घायल, करोड़ों का नुकसान, धमाकों से दहला इलाका

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी ट्रॉमा सेंटर में चार बेड आरक्षित किए गए हैं। प्लास्टिक सर्जरी एंड बर्न यूनिट के विशेषज्ञ डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। नेत्र, हड्डी और त्वचा रोग विशेषज्ञों को भी अलर्ट पर रखा गया है। वहीं लोहिया संस्थान के इमरजेंसी में दस बेड आरक्षित हैं। जहां विशेषज्ञ डॉक्टर ऑनकॉल उपलब्ध रहेंगे।

इन अस्पतालों में बेड आरक्षित

बलरामपुर अस्पताल- 50

सिविल अस्पताल- 20

राम सागर मिश्र हॉस्पिटल- 20

लोकबंधु अस्पताल- दस

एम्बुलेंस-दमकल सेवा भी अलर्ट…

अफसरों का दावा है कि दिवाली को देखते हुए एम्बुलेंस सेवा 108 और 102 को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है, जो एक कॉल पर उपलब्ध होंगी। सेवा प्रदाता संस्था ने वाहनों को 24 घंटे तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही दमकल सेवा 20 अक्टूबर से अलर्ट मोड पर रहेगा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल कर्मी शहर के 30 महत्वपूर्ण स्थानों पर हाईटेक संसाधनों से लैस होकर मुस्तैद रहेंगे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में दिवाली से पहले सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, शर्तों के साथ दी ग्रीन पटाखे बनाने की मंजूरी