आरयू वेब टीम। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शरद पवार की एक बार फिर तबीयत बिगड़ गई है। जिसके बाद शरद पवार को रविवार को पुणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक 85 वर्षीय शरद पवार को डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) हो गया था, जिसके कारण उन्हें अस्पताल लाना पड़ा। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें ड्रिप के जरिए तरल पदार्थ दिए जा रहे हैं।
अस्पताल के मुख्य हृदयरोग विशेषज्ञ और अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज ग्रांट ने एक बयान में कहा कि उनके शरीर में पानी की हल्की कमी हो गई थी, जिसके कारण उन्हें रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। उन्हें नसों के माध्यम से तरल पदार्थ दिए जाने की आवश्यकता है। उनकी हालत स्थिर है। वह दो दिनों तक अस्पताल में रहेंगे। उसके बाद उन्हें छुट्टी मिलने की उम्मीद है। डॉ. ग्रांट और अस्पताल के एक अन्य चिकित्सक डॉ. अभिजीत लोढ़ा उनके उपचार की निगरानी कर रहे हैं।
इस समय उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले उनके साथ मौजूद हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कहा, “मैं इस समय बाबा के साथ हूं। उनके कुछ टेस्ट होने हैं। उन्हें थोड़ी कमजोरी महसूस हो रही है और शरीर में पानी की कमी भी पाई गई है।”
यह भी पढ़ें- शरद पवार की बिगड़ी तबीयत, पुणे अस्पताल में कराए गए भर्ती
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत ठीक नहीं चल रही है। अजित पवार के निधन के बाद से ही उनकी तबीयत खराब चल रही है। सीने में कफ की शिकायत के बाद ही उन्हें बारामती से पुणे ले जाया गया था। उस दौरान डॉक्टरों की टीम उनके घर भी आई थी। इससे पहले, पूर्व केंद्रीय मंत्री को सीने में संक्रमण के बाद नौ फरवरी को इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 14 फरवरी को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।




















