गढ़चिरौली के जंगल में पुलिस से मुठभेड़ में तीन नक्‍सली ढेर, जवान भी शहीद

नक्सली मुठभेड़

आरयू वेब टीम। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सली और पुलिस की बीच बड़ा एनकाउंटर हुआ है। इस एनकाउंटर में तीन नक्सली मारे गए हैं। नक्सल ऑपरेशन के दौरान एक जवान भी शहीद हो गया है। तीन माओवादी शव (दो पुरुष और एक महिला) बरामद हुए हैं, साथ ही एक एके-47 और एक एसएलआर भी जब्त की गई है। तीनों माओवादियों की पहचान  स्थापित नहीं हो पाई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह मुठभेड़ गढ़चिरौली के घने जंगलों में हुई, जहां नक्सलियों का एक बड़ा कैंप सक्रिय होने की सूचना थी। खुफिया जानकारी के आधार पर C-60 कमांडो ने इलाके में सर्च और कॉम्बिंग ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला। कई घंटे चली मुठभेड़ के बाद नक्सलियों का कैंप पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। सुबह सर्च ऑपरेशन के दौरान इलाके से दो और माओवादी शव बरामद किए गए, जिनमें एक पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- अलग-अलग मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने ढेर कर डाले 14 नक्सली

इससे पहले एक शव मिल चुका था। इस ऑपरेशन में C-60 कमांडो दीपक चिन्ना मडावी (38 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वे आहेरि के निवासी और तालुका आहेरि के मंद्रा, दामरांचा गांव के स्थायी निवासी थे। उन्हें तड़के अबूझमाड़ के जंगल से एयरलिफ्ट कर भामरागढ़ के उप-जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया और वीरगति को प्राप्त हुए। उनकी शहादत से पुलिसबल और इलाके में शोक की लहर है।

वहीं एक अन्य C-60 जवान जोगा मडावी, निवासी किश्त्यापल्ली, को रात के समय गोली लगने से चोट आई थी। उन्हें भी सुरक्षित बाहर निकालकर एयरलिफ्ट किया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है और जल्द ही उन्हें आगे के इलाज के लिए गढ़चिरौली ले जाया जाएगा।

यह भी पढ़ें- सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में ढेर किया दो नक्सली, हथियार बरामद