आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होली के त्योहार को लेकर कानून-व्यवस्था के साथ ही अवैध व जहरीली शराब को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। त्योहार के मद्देनजर मुख्य सचिव एसपी गोयल ने शनिवार को सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और आबकारी अधिकारियों संग वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये मीटिंग की। जिसमें निर्देश दिए कि त्योहार पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
वहीं मुख्य सचिव ने अवैध व जहरीली शराब के उत्पादन व बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने, शराब की दुकानों, ढाबों और संदिग्ध स्थलों पर औचक निरीक्षण करने व अंतरराज्यीय सीमाओं पर चेकिंग अभियान चलाने को कहा है। भांग की अधिकृत दुकानों पर किसी भी दशा में गांजा की बिक्री न होने देने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अधिकारियों को आपसी समन्वय से प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
यह भी पढ़ें- #GoodNews: होली पर यूपी में रहेगी चार दिन की छुट्टी, त्योहार से पहले मिलेगा कर्मियों को वेतन
इसके अलावा खनन विभाग की समीक्षा में राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति, स्रोत स्तर पर निगरानी, ओवर लोडिंग व अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। वहीं एक दिन पहले सीएम योगी ने भी होली को लेकर विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दे चुके हैं।
