इस राज्‍य में AAP-कांग्रेस मिलकर लड़ेगी लोकसभा चुनाव

इसुदान गढ़वी
इसुदान गढ़वी।

आरयू वेब टीम। लोकसभा चुनाव से पहले गुजरात की राजनीति में एक खबर ने हलचल बढ़ा दी है। दरअसल आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने दावा किया है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी 2024 में गुजरात में लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगी। लोकसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियां गठबंधन बनाएंगी। हालांकि, दूसरी ओर इसुदान के दावे को लेकर गुजरात कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि हमें अभी तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है, गठबंधन को लेकर फैसला आलाकमान लेगा।

इसुदान गढ़वी ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस यानी ‘इंडिया’ का गठबंधन गुजरात में भी लागू है, हम गुजरात में भी पूरी सीटों की जांच कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ‘इंडिया’ से डरती है। बीजेपी को पता है कि 2024 में ‘इंडिया’ एनडीए को हरा देगा।

कांग्रेस-आप गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि यह गठबंधन गुजरात में भी लागू होगा। हम यहां भी गठबंधन में सीटें बांटकर लड़ने जा रहे हैं। अभी प्राथमिक स्तर पर है। आगे चलकर गुजरात में इन इंडिया गठबंधन से चुनाव लड़ा जाएगा।

यह भी पढ़ें- विपक्षी दलों ने बनाया INDIA मोर्चा, देश, लोकतंत्र व संविधान को बचाना बताया उद्देश्य

मालूम हो कि 26 दल विपक्षी एकता के मंच पर हैं। विपक्षी एकता के गठबंधन को इंडिया का नाम दिया गया है। आम आदमी पार्टी केंद्र सरकार द्वारा लाए गए अध्यादेश का लगातार विरोध कर रही है। उसे कांग्रेस का भी समर्थन हासिल है। दूसरी ओर विपक्षी दलों का दावा है कि 450 सीटों पर साझा उम्मीदवार उतारने की बात चल रही है।

अरविंद केजरीवाल के विपक्षी दलों के बैठक में लगातार शामिल हो रहे हैं। विपक्षी दलों की पहली बैठक आगामी 31 अगस्त और एक सितंबर को मुंबई में है। इस बैठक में कई बड़े निर्णय लिए जाएंगे। हालांकि इसुदान गढ़वी के बयान ने एक बार फिर से राजनीतिक हलचल को बढ़ा दिया है।

यह भी पढ़ें- मणिपुर का दौरा कर INDIA प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से की अपील, मुद्दे को जल्द हल नहीं किया तो पैदा हो सकतीं हैं देश के लिए सुरक्षा समस्‍याएं