आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर में रियासी जिले के एक गांव में आज भूस्खलन से मकान ढहने से एक ही परिवार के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। ये हादसा माहोरे के बद्दर गांव में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन की वजह से हुआ है। जिसके बाद परिवार के सातों सदस्यों के शव बरामद कर लिए गए हैं।
इस संबंध में अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि नजीर और उनका परिवार सो रहा था, तभी पहाड़ी ढलान पर स्थित उनका घर भूस्खलन के कारण गिरे मलबे की चपेट में आ गया और वे सभी उसके नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने शवों को मलबे से बाहर निकाला। जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में रात भर मध्यम से भारी बारिश हुई।
मृतकों की पहचान नजीर अहमद (38), उसकी पत्नी वजीरा बेगम (35) और उनके बेटों बिलाल अहमद (13), मोहम्मद मुस्तफा (11), मोहम्मद आदिल (आठ), मोहम्मद मुबारक (छह) और मोहम्मद वसीम (पांच) के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ: भूस्खलन मलबे से निकाले चार शव, मरने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हुई पांच
वहीं जम्मू-कश्मीर के एलजी मनोज सिन्हा ने कहा, “बादल फटने और बारिश से हुए भूस्खलन की घटनाओं से रियासी और रामबन में हुई तबाही से बेहद व्यथित हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली है। राहत और बचाव कार्य जारी हैं। प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।”




















