बिहार बाढ़ को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ बोले गिरिराज सिंह, दिक्कतों के लिए जनता से माफी भी मांगी

बाढ़
गिरिराज सिंह। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। लंबे समय से बाढ़ और बारिश के बाद अब जलजमाव से जुझ रहे बिहार पर राजनीतिक घमासान जोरों पर है। अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार की इस स्थिति के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को जिम्मेदार ठहराया। इस बीच रविवार को गिरिराज सिंह ने लोगों से माफी मांगी है।

रविवार को गिरिराज सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से एक और ट्वीट कर कहा कि आज से दुर्गा पूजा का मेला शुरू हो गया है। मैं बिहार एनडीए की तरफ से उन सनातनियों से क्षमा मांगता हूं, जहां पर बाढ़ के कारण पूजा, पंडाल और मेले का आयोजन नही हो पाया है। बाढ़ के चलते दुर्गा पूजा नहीं हो पा रही है, मेला नहीं लग पाया है और पर्व का उल्लास, परेशानियों में तब्दील है।

यह भी पढ़ें- गिरिराज की आजम खान को खुली धमकी, बेगूसराय चुनाव खत्म होने के बाद रामपुर आकर बताएंगे क्या हैं बजरंगबली

उल्‍लेखनीय है कि भारी बारिश के कारण पटना सहित अन्य जिले में कायम जलजमाव और उत्पन्न बाढ़ की स्थिति पर केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह ने अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने पटना में बारिश से तबाही के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी जिम्मेदार बताया। गिरिराज ने राहत वितरण में भेद-भाव का भी आरोप सरकार पर मढ़ा। उन्होंने कहा कि मुंह देख राहत सामग्री का वितरण नहीं होना चाहिए।

यह भी पढ़ें- सहयोगी पार्टी को सीट मिलने पर गिरिराज सिंह के बगावती तेवर, बोले नवादा से ही लडूंगा चुनाव

साथ ही यह भी कहा कि नशा सत्ता का हो, जमीन नजर नहीं आती हो, आंखों पर पर्दा हो और लोगों का दर्द सुनाई न दे तो सत्ता हमेशा सजग चौकीदार से ही सवाल पूछती है। अधिकारियों पर तंज कसा कि बेगूसराय में हूं या नहीं, राजनीतिक शह के कारण अंधे बने बिहार के अधिकारी भी इसकी गवाही दे सकते हैं। निष्ठुर-संवेदनहीनों से मुझे किसी तरह का सर्टिफिकेट नहीं चाहिए।

यह भी पढ़ें- केंद्रीय मंत्री गिरिराज के बयान पर योगी के मंत्री का चैलेंज, हिम्मत है तो बदलें लाल किले का नाम