आरयू ब्यूरो, लखनऊ। खराब मौसम और भीषण कोहरे ने यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। खासकर खराब मौसम का असर लगातार अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं पर देखा जा रहा है। इस बीच काठमांडू में खराब मौसम के कारण गुरुवार दो उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। ये उड़ानें कुवैत और शारजाह से काठमांडू जा रही थीं, लेकिन वहां लैंडिंग नहीं कर सकीं।
दरअसल गुरुवार सुबह जैसे ही फ्लाइट काठमांडू पहुंची तो वहां घना कोहरा और कम विजिबिलिटी के कारण विमानों की लैंडिंग प्रभावित हुई। एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने सुरक्षा कारणों से विमानों को उतरने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद उन्हें लखनऊ भेजा गया।
यह भी पढ़ें- राजधानी में खराब मौसम के चलते लखनऊ डायवर्ट हुईं एयर इंडिया की तीन फ्लाइट्स
वहीं इस संबंध में एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि कुवैत से काठमांडू जा रही जजीरा एयरलाइंस की उड़ान संख्या J9539 को सुबह 6:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। इस विमान में 169 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। मौसम अनुकूल होने के बाद विमान को काठमांडू के लिए रवाना किया जाएगा।
इसी क्रम में शारजाह से काठमांडू जा रही एयर अरेबिया की उड़ान संख्या G9536 को भी काठमांडू में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। ये फ्लाइट काठमांडू एयरपोर्ट के ऊपर कई चक्कर लगाने के बाद सुबह 7:40 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा। इस उड़ान में 167 यात्री सवार थे।




















