#DelhiElectionResults: केजरीवाल को बधाई देकर बोले अखिलेश, सत्‍ता के दुरुपयोग के बाद भी जनता के सामने नहीं टिक पाई भाजपा

पौधारोपण का बहाना

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। देश की राजधानी दिल्‍ली में आम आदमी पार्टी की जीत पर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने मंगलवार को आप संयोजक अरविंद केजरीवाल को बधाई दी है। साथ ही अखिलेश ने इस दौरान भाजपा के जले पर नमक छिड़कते हुए कहा कि भाजपा की नफरत की राजनीति अब सफल नहीं हो सकती है। दिल्ली देश की राजधानी है वहां सत्ता का दुरूपयोग करने के बाद भी भाजपा का जनता के निर्णय के सामने टिक न पाना एक करारा सबक हैं, इस जनादेश का संदेश पूरे देश में जाएगा।

यह भी पढ़ें- आप की प्रचंड बहुमत को केजरीवाल ने बताया काम वाली राजनीत की शुरूआत, दिल्‍ली वालों का जताया आभार

बीजेपी पर सवाल उठाते हुए सपा अध्‍यक्ष ने कहा कि यह भी स्पष्ट है कि भाजपा के सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्‍वास का नारा झूठा है। उत्तर प्रदेश में भी भाजपा के साथ कोई नहीं है, न किसी का विकास हुआ है और न भाजपा पर किसी का विश्‍वास है। आज अपने एक बयान में अखिलेश ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने धोखा देकर केंद्र में तो अपनी सरकार बना ली, लेकिन एक साल के अंदर राजधानी दिल्ली की ही जनता ने अपना निर्णय विकास के पक्ष में दिया है।

प्रधानमंत्री, गृहमंत्री व मुख्‍यमंत्री ने कर दिया दिन रात-एक, लेकिन जनता ने…

वहीं सत्‍ताधारी दल के चुनाव प्रचार व अभियान पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा का पूरा शीर्ष नेतृत्व, भाजपा सरकारों के मुख्यमंत्री, सांसद, प्रधानमंत्री-गृहमंत्री सहित केंद्रीय मंत्रिमण्डल ने भाजपा को जिताने में दिन रात एक कर दिया था, लेकिन दिल्ली की जनता ने बढ़ती बेरोजगारी, मंहगाई, सांप्रदायिकता के विरोध में मतदान किया। सीएए, एनआरसी, एनपीआर भी भाजपा की पराजय के कारणों में शामिल है।

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने स्‍वीकारा जनादेश, नवनिर्माण के संकल्‍प के साथ केजरीवाल को बधाई भी दी

…वे जहां-जहां प्रचार में गए भाजपा का बंटाधार हो गया

वहीं सीएम योगी आदित्‍यनाथ द्वारा दिल्‍ली चुनाव प्रचार में भाग लेने पर चुटकी लेते हुए अखिलेश ने कहा कि दिल्ली के विधानसभा चुनावों का एक रोचक पहलू यह भी है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री दिल्ली में भाजपा के स्टार प्रचारक बने घूमते रहे। वे जहां-जहां प्रचार में गए भाजपा का बंटाधार हो गया। ‘‘जहां-जहां चरण पड़े संतन के, वहां-वहां भाजपा का सूपड़ा साफ।‘‘ दूसरे राज्यों में भी वे जहां प्रचार करने गए थे वहां भी उनका यही रिकार्ड रहा। भाजपा के झूठ छल प्रपंच को जनता अच्छी तरह समझ गयी है। भविष्य में भी भाजपा की झांसे की राजनीति कामयाब नहीं हो सकती।

यह भी पढ़ें- वोट देकर दिल्‍ली की जनता ने कहा, …लगो रहो केजरीवाल, येे है दस कारण जिसने देश की राजधानी में लहराया AAP का परचम