आरयू वेब टीम। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को मांग की कि भारत को अमेरिका से आयात पर अधिक शुल्क लगाना चाहिए। साथ ही कहा कि पूरा देश इस फैसले का समर्थन करेगा। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अमेरिका से आयातित कपास पर 11 प्रतिशत शुल्क माफ करने का फैसला किया है, जिससे यहां के स्थानीय किसानों का कारोबार प्रभावित हो सकता है। इस संबंध में केंद्र सरकार की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
आप प्रमुख ने आज एक प्रेसवार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ये फैसला भारत के किसानों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकता है। उन्होंने सरकार से अमेरिकी आयात पर अधिक शुल्क लगाने की मांग की। आगे कहा कि ‘‘अन्य देश झुके नहीं। उन्होंने अधिक शुल्क लगाए। हमें भी अधिक शुल्क लगाने चाहिए। अगर अमेरिका 50 प्रतिशत शुल्क लगा रहा है, तो हमें इसे दोगुना करके सौ प्रतिशत कर देना चाहिए। पूरा देश इस फैसले का समर्थन करेगा। कोई भी देश भारत का विरोध नहीं कर सकता। हम 140 करोड़ लोगों की आबादी वाले देश हैं।’’
केजरीवाल ने कहा, “पिछले दिनों मोदी जी ने ट्रंप के दबाव में ये निर्णय लिया है कि अमेरिका से जो कपास भारत आता है अभी तक उसमें 11 प्रतिशत ड्यूटी लगती थी लेकिन अब ये 11 प्रतिशत ड्यूटी हटा दी गई है। और अब अमेरिका से आने वाली कपास पर कोई ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। ये ड्यूटी केवल 40 दिनों (19 अगस्त से 30 सितंबर तक) तक हटाई गई है। ये देश के किसानों के साथ बहुत बड़ा धोखा है। अब जो अमेरिका से कपास आएगी वो भारत के किसानों के कपास से सस्ती होगी। तो भारत के किसान कहां जाएंगे और किसानों का कपास कौन खरीदेगा।”
यह भी पढ़ें- ट्रंप के टैरिफ ऐलान व विपक्ष के विरोध के बीच मोदी सरकार के समर्थन में खुलकर उतरीं मायावती, कहा राष्ट्रहित से केंद्र नहीं करेगी कोई समझौता
आप मुखिया ने कहा कि” अमेरिका ने 50 प्रतिशत टैरिफ भारत पर लगाया है। हमें भी कपास पर 11 प्रतिशत से 50 प्रतिशत टैरिफ कर देना चाहिए था दूसरों देशों ने यही किया। ट्रंप ने 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया तो हमें 100 प्रतिशत टैरिफ लगा देना चाहिए था।” केजरीवाल ने पूछा, क्या हम कमजोर देश हैं?