आरयू वेब टीम। लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा हो गया है। शादी समारोह से घर लौट रहे छह लोगों से भरी कार शारदा नहर में गिर गई। गेट लॉक होने के कारण कार में बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके, जिससे पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि ड्राइवर की हालत नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय लोगों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को बाहर निकलवाया। वहीं हादसे की जानकारी लगते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक ढखेरवा गिरजापुरी हाईवे पर पारसपुरवा गांव के पास देर रात तेज गति से आ रही ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे नहर में जा गिरी। गिरते ही कार में सवार लोग चीखने और छटपटाने लगे, लेकिन कुछ ही पलों में कार पानी में डूब गई। हादसा की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण रात के अंधेरे में टॉर्च और नाव की मदद से मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
इस संबंध में पढुआ थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक उपाध्याय ने मीडिया को बताया कि बीती देर रात शादी समारोह से घर वापस लौट रही कार (UP32 BA 2399) अनियंत्रित हो रेलिंग तोड़ते हुए सुतिया साईफन, मझरा पूरब के पास शारदा नहर में समा गई। इस दौरान कार के गेट लॉक हो गए थे। इससे अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। ग्रामीणों ने मदद के साथ पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- खाई में बस गिरने से पांच श्रद्धालुओं की मौत, 20 से ज्यादा घायल, उत्तराखंड में हुआ दर्दनाक हादसा
पढुआ थाने से एसआइ अभिषेक सिंह ने पुलिस बल के साथ पहुंच कर ग्रामीणों की मदद से कार को बाहर निकलवाया।एंबुलेस और अन्य साधनों से सभी को सीएचसी रमिया बेहड़ पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जितेंद्र, निवासी घाघरा बैराज, थाना सुजौली, बहराइच, घनश्याम, लालजी, निवासी सीशियन पुरवा, अजीमुल्ला, निवासी गिरिजापुरी, थाना सुजौली, सुरेंद्र, निवासी रामवृक्ष पुरवा, थाना सुजौली, बहराइच के रूप में हुई, जबकि कार चालक बबलू गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।




















