चंडीगढ़ से लखनऊ आने वाली फ्लाइट 6E 146 रद्द, यात्रियों में मचा हड़कंप

इंडिगो फ्लाइट

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अहमदाबाद प्लेन हादसे के बाद प्लाइट्स में तकनीकी खराबी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं, जिसके चलते रोजाना कई उड़ानों को रद्द करना पड़ रहा है। ताजा मामला रविवार को इंडिगो की चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली फ्लाइट का है, जिसे उड़ान भरने से पहले ही तकनीकी खराबी के कारण रोक दिया गया। जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

चंडीगढ़ से लखनऊ जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6ई 146 को उड़ान भरने से पहले रोक दिया गया। फ्लाइट में लगभग 160 यात्री मौजूद थे। ये फ्लाइट रविवार सुबह 8:30 बजे चंडीगढ़ से लखनऊ के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन टेक-ऑफ से पहले विमान में बड़ी तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद टेक-ऑफ से पहले ही फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। दरअसल 19 जून को दिल्ली से लेह जाने वाली इंडिगो फ्लाइट 6ई 2006 की तकनीकी कारणों से इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी।

इंडिगो की फ्लाइट में चालक दल के सदस्यों समेत करीब 180 लोग सवार थे। फ्लाइट ने दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरी, लेकिन लेह पहुंचने से कुछ देर पहले तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। विमान लेह पहुंचने के कुछ ही देर बाद वापस लौट आया और सुरक्षित तरीके से दिल्ली में उतारा गया।

बीते बुधवार को भी इंडिगो की एक फ्लाइट को रद्द करना पड़ा था। फ्लाइट 6ई 6101 भुवनेश्वर से कोलकाता के लिए रवाना होनी थी, लेकिन उड़ान से कुछ मिनट पहले फ्लाइट को रद्द कर दिया गया। इसका कारण भी विमान में तकनीकी खराबी बताया गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली से 180 यात्री लेकर उड़ी इंडिगो की फ्लाइट रास्ते में खराब, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग