आरयू ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आज शाम एकाएक मौसम का मिजाज बदल गया। जिसके बाद तेज गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। एकाएक बारिश से जहां लोग चौंक गए। वहीं इस बारिश से तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट आयी है।
आज दिन में लखनऊ में जहां तेज धूप और बढ़ती गर्मी से लोग परेशान थे, वहीं शाम होते-होते आसमान में घने काले बादल छा गए। करीब साढ़े पांच बजे के बाद शहर के गोमतीनगर, हजरतगंज, चिनहट व सरोजनी नगर समेत में कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।
अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कई जगहों पर कार्यक्रमों व आयोजनों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं सरकारी व प्राइवेट कार्यालयों में भी खासकर बाइकसवार घंटों पानी रुकने का इंतजार करते रहें। इस बीच आसमान में तेज बिजली रह-रहकर चमकती रही।
अचानक हुए मौसम के इस बदलाव के बारे में मौसम विभाग का कहना है कि यह बदलाव अफगानिस्तान और पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर है। इसके चलते प्रदेश के कई तमाम जिलों में आंधी-तूफान, बारिश और ओले गिरने का सिलसिला रात तक जारी था। वहीं बेमौसम बरसात खासकर गेहूं के किसानों के लिए किसी कहर से कम साबित नहीं होने की आशंका है।
यह भी पढ़ें- यूपी में मौसम लेगा यू-टर्न, आगरा-मेरठ समेत 18 जिलों में बारिश-ओले की संभावना
शनिवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जो सामान्य के करीब रहा। हालांकि इससे पहले तापमान में बढ़ोतरी के कारण ‘वार्म नाइट’ जैसी स्थिति बनी हुई थी। वहीं अगले 24 घंटों के लिए भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। यूपी में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश का आसार भी है।
सात से नौ अप्रैल तक रहना होगा सर्तक
इसके अलावा कुछ राहत की बात यह है कि छह अप्रैल को स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है, लेकिन इसके बाद सात से नौ अप्रैल के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे सकता है, जो फिर से मौसम को बदल सकता है।




















