लखनऊ में केजरीवाल का दावा, योगी आदित्‍यनाथ बन सकते हैं अमित शाह के लिए कांटा, दो महीने में जाएगी सीएम की कुर्सी

केजरीवाल अखिलेश
प्रेसवार्ता में अपनी बात रखते अरविंद केजरीवाल साथ में अखिलेश यादव व अन्‍य।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देश में लोकसभा चुनावों के तहत चार चरणों के मतदान संपन्न हो चुके हैं और देश पांचवें चरण के मतदान की तरफ बढ़ रहा है। इसी क्रम में गठबंधन को मजबूती देने के लिए आप के राष्ट्रीय संयोजक गुरुवार को लखनऊ पहुंचे। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि इस चुनाव में भाजपा की 220 से भी कम सीटें आने जा रही हैं। हर जगह इनकी सीटें कम हो रही है। इंडिया गठबंधन सरकार बना रही है।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ साझा प्रेसवार्ता करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैंने कुछ दिन पहले कहा था कि लोकसभा चुनाव के बाद यूपी के सीएम योगी को हटा दिया जाएगा। योगी को हटाने की बात पर भाजपा के किसी नेता ने कोई बयान नहीं दिया है। योगी जी का हटना अब तय है। अगर ये लोग जीत गए तो दो महीने में योगी को मुख्यमंत्री पद से हटा देंगे। योगी आदित्यनाथ ही अमित शाह के प्रधानमंत्री बनने के बीच कांटा बन सकते हैं इसलिए अब उन्हें भी हटाने की तैयारी है।

केजरीवाल ने इससे पहले कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐसा नहीं कहा है कि वे 75 साल की उम्र में इस्तीफा नहीं देंगे, पीएम मोदी का ये नियम उन्हीं के द्वारा बनाया गया है और मुझे उम्मीद है कि वे अपने नियम को फॉलो करेंगे, नहीं तो लोग कहेंगे कि पीएम मोदी ने ये नियम मुरली मनोहर जोशी व लालकृष्ण आडवाणी को हटाने के लिए बनाया था।

साथ ही केजरीवाल ने बीजेपी नेताओं को निशाने पर लेते हुए कहा कि पिछले चार-पांच महीने से इन्होंने शोर मचाया है कि 400 पार का। लोगों ने पूछा 400 पार किसलिए चाहिए तो इन्होंने नहीं बताया। बाद में लोगों ने अंदर से पता किया तो पता चला कि ये 400 सीटें इसलिए चाह रहे हैं, क्योंकि ये आरक्षण खत्म करने जा रहे हैं। संविधान को तार-तार करना चाहते हैं।

चार चरणों में चारों खाने चित्त हो गई भाजपा: अखिलेश

वहीं प्रेसवार्ता में भाजपा को निशाने पर लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चार चरणों में भाजपा चारों खाने चित्त हो गई है। भाजपा जो 400 पार का नारा दे रही थी कि उसकी 143 सीटों से कम आ रही हैं। 543 सीटों में से 400 घटा दो तो 143 सीटें बचती है और वो 143 सीटें ही देख रही है। देश की जनता इन्हें 140 सीटों के लिए भी तरसा देगी।

सपा सुप्रीमों ने आगे कहा कि इन्हें यूपी, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में उलझ जाएंगे। हमें संविधान बचाना होगा। भाजपा की इस साजिश को आम लोग समझ गए हैं। इस बार भाजपा की सबसे बड़ी हार होनी वाली है। अब लग रहा है कि हारने के बाद ये झूठ बोलने की यूनिवर्सिटी खोलेंगे और वाइस चांसलर और डीन वहां खुद पहुंच जाएंगे।

प्रधानमंत्री कहते हैं प्रज्वल रेवन्ना भारत का भविष्य: संजय सिंह

प्रेसवार्ता में मौजूद आप सांसद संजय सिंह ने कहा मणिपुर में एक कारगिल योद्धा की पत्नी को निर्वस्त्र करके घुमाया गया। हजारों महिलाओं के साथ प्रज्वल रेवन्ना ने दरिंगदी की। प्रधानमंत्री कहते हैं ये (प्रज्वल रेवन्ना) भारत का भविष्य है। पार्टी ने अपना रुख साफ कर दिया है। मैंने आपके सामने जितने विषय रखे हैं देश के प्रधानमंत्री और भाजपा को उस पर जवाब देना चाहिए।”

यह भी पढ़ें- जनसभा में अखिलेश यादव को जिताने की अपील कर बोले राहुल, यूपी में होने वाली है भाजपा की सबसे बड़ी हार

वहीं यूपी में आम आदमी पार्टी किसी भी सीट पर इलेक्शन नहीं लड़ रही है, लेकिन उसने इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस के तहत समाजवादी पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के गठबंधन को समर्थन देने का फैसला किया है।

बता दें आम आदमी पार्टी ने साल 2022 में यूपी के विधानसभा चुनाव में भी कई सीटों पर चुनाव लड़ा था। इसके अलावा नगर निकाय चुनावो में भी पार्टी के प्रत्याशी उतरे थे, हालांकि पार्टी को उम्मीद के मुताबिक सफलता नहीं मिली थी।

यह भी पढ़ें- अखिलेश का वादा, INDIA की सरकार बनने पर किसानों का होगा पूरा कर्ज माफ