आरयू ब्यूरो, लखनऊ। विश्वविद्यालय और महाविद्यालय विषय विशेष की शिक्षा व डिग्री प्रदान करते हैं, लेकिन मनुष्य का सर्वांगीण विकास केवल पुस्तकों के अध्ययन से ही संभव होता है। उन्होंने कहा कि किताबें मनुष्य की सबसे अच्छी मित्र, मार्गदर्शक और गुरु होती हैं। ऐसे में विद्यार्थी अधिक से अधिक संख्या में पुस्तक मेले में आकर विभिन्न विषयों की पुस्तकों का अध्ययन करें। इससे उनके ज्ञान में वृद्धि होगी और वे समाज तथा राष्ट्र के विकास में अपनी भूमिका बेहतर ढंग से निभा सकेंगे।
उक्त बातें उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने शुक्रवार को चारबाग स्थित रवीन्द्रालय में आयोजित लखनऊ पुस्तक मेले में मुख्य अतिथि के कार्यक्रम को संबोधित कर कही। साथ ही कहा कि साहित्य किसी भी भाषा और समाज के सम्मान का आधार होता है और पुस्तकें ज्ञान, संस्कार तथा विचारों की अमूल्य धरोहर होती हैं। साहित्य किसी भी भाषा और समाज के सम्मान की सबसे मजबूत नींव होता है। जब विद्वानों और चिंतकों के विचार पुस्तकों के रूप में संकलित होते हैं तो वे केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए ही नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी ज्ञान का स्थायी स्रोत बन जाते हैं।
आगे कहा कि समाज की वैचारिक समृद्धि और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने में साहित्य की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि साहित्य मनुष्य को सोचने, समझने और सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। समाज के बौद्धिक विकास में पुस्तकों का योगदान अतुलनीय है और यही कारण है कि हर सभ्यता और संस्कृति में साहित्य को विशेष स्थान दिया गया है। ऐसे में पुस्तक मेले का आयोजन पाठकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर होता है क्योंकि एक ही स्थान पर अनेक विषयों से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध हो जाती हैं।
यह भी पढ़ें- UP कैबिनेट में बड़ा फैसला, प्राथमिक शिक्षक व शिक्षामित्रों समेत 15 लाख को मिलेगा मुफ्त कैशलेस इलाज
इस दौरान किताबों के महत्व का जिक्र कर उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज के समय में तकनीक और मोबाइल का उपयोग तेजी से बढ़ा है, लेकिन इसके साथ-साथ पुस्तकों के अध्ययन की परंपरा को बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि युवा पीढ़ी पुस्तकों से जुड़ी रहेगी तो समाज में सकारात्मक विचारों और संस्कारों का प्रसार होगा। उन्होंने कहा कि किताबें मनुष्य को धैर्य, चिंतन और गहराई से सोचने की क्षमता प्रदान करती हैं, जो केवल तकनीकी माध्यमों से संभव नहीं हो पाती।
कार्यक्रम में मुरलीधर अहुजा (संरक्षक), मनोज सिंह चंदेल (संयोजक), टी.पी. हवेलिया (संरक्षक), आर्कष चंदेल (निदेशक) तथा यू.पी. त्रिपाठी (संस्थापक, विश्वम फाउंडेशन) सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।












