मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतकर रचा इतिहास, 41 बार की चैंपियन को फाइनल में हराया

रणजी ट्रॉफी का खिताब

आरयू स्पोर्ट्स डेस्क। रणजी ट्रॉफी 2022 के फाइनल मुकाबले में मध्य प्रदेश ने 41 बार की चैंपियन मुंबई को छह विकेट से मात देते हुए ट्रॉफी जीतने में कामयाबी पाई। मैच के अंतिम दिन मुंबई द्वारा दिए 108 रनों के लक्ष्य को मध्य प्रदेश ने चार विकेट खोकर हासिल कर जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में शानदार शतक लगाने वाले शुभम शर्मा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

वहीं पूरे रणजी सीजन अपने बल्ले से लगातार रन बनाने वाले सरफराज खान प्लेयर ऑफ द सीरीज बने। इससे पहले अंतिम दिन मुंबई ने अपने कल के स्कोर 113/2 से आगे खेलना शुरू किया। कल के नाबाद बल्लेबाज अरमान जाफर 37 रन बनाकर आउट हुए। सुवेद पारकर ने सेट होकर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन 51 रन के निजी स्कोर पर कुमार कार्तिकेय ने उन्हें अपना शिकार बनाया।

पहली पारी में अर्धशतक लगाने वाले यशस्वी जायसवाल महज एक रन का ही योगदान दे पाए। सरफराज खान ने तेजी से रन बनाने का प्रयास किया और 48 गेंदों में 45 रन बनाकर आउट हुए। निचले क्रम में और कोई बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हुआ और मुंबई की पूरी टीम 57.3 ओवर में 269 रन के स्कोर पर सिमट गई। मध्य प्रदेश के लिए कुमार कार्तिकेय ने सबसे ज्यादा चार विकेट हासिल किये। इसके अलावा गौरव यादव और पार्थ साहनी ने भी दो-दो विकेट चटकाए।

यह भी पढ़ें- भारत ने रचा इतिहास, पहली बार जीता थॉमस कप, चैंपियन इंडोनेशिया को हराया

पहली पारी की बढ़त के आधार पर मध्य प्रदेश को 108 रन का लक्ष्य मिला। दूसरी पारी में टीम की शुरुआत खराब रही और पहली पारी में शतक बनाने वाले यश दुबे महज एक रन बनाकर आउट हो गए। हिमांशु मंत्री और शुभम शर्मा ने अर्धशतकीय साझेदारी की। हिमांशु और शुभम 37 और 30 रन बनाकर आउट हुए।

अंत में रजत पाटीदार ने 30 रनों की नाबाद पारी खेल अपनी टीम को जीत दिलाई। मुंबई के लिए दूसरी पारी में शम्स मुलानी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। इससे पहले मुंबई ने अपनी पहली पारी में 374 रन बनाये थे। वहीं मध्य प्रदेश ने 536 रन का विशाल स्कोर बनाया था।

यह भी पढ़ें- IPL 2022 का जारी हुआ शेड्यूल, इन टीमों बीच वानखेड़े स्टेडियम में होगा पहला क्रिकेट मैच