महानिरीक्षक निबंधन का कार्यभार संभाल नेहा शर्मा ने कहा, पारदर्शिता-सरलता व नागरिक सुविधा होगी प्राथमिकता

नेहा शर्मा
अधिकारियों के साथ बैठक करतीं नेहा शर्मा।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। आइएएस अधिकारी नेहा शर्मा ने गुरुवार को महानिरीक्षक निबंधन के पद का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद नेहा शर्मा ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान आइएएस ने अपनी प्राथमिकताओं को व्यक्त करते हुए जिम्मेदारों को जरूरी निर्देश दिए।

वहीं बैठक में नेहा शर्मा ने कहा कि, “निबंधन विभाग आम नागरिकों के जीवन से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ा हुआ है। ऐसे में हमारी पहली जिम्मेदारी है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, सुलभ और समयबद्ध हो। जबकि विभागीय दक्षता, सेवा की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करना शीर्ष प्राथमिकताओं में रहेगा। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जनसेवा की भावना, नैतिक आचरण, और प्रौद्योगिकी के प्रभावी उपयोग के साथ कार्य करें। साथ ही कहा कि कार्यालय और फील्ड स्तर पर कर्मचारियों की भूमिका प्रणाली के भरोसे को तय करती है।

यह भी पढ़ें- 19 IAS अफसरों को मिली ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर तैनाती

बात करें नेहा शर्मा की तो वे 2010 बैच की यूपी कैडर की आइएएस अधिकारी हैं। उनकी पहली पोस्टिंग 2012 में बागपत जिले में एसडीएम के पद पर हुई थी। 2013 में उन्हें कानपुर सदर का एसडीएम बनाया गया और 2014-15 में वह उन्नाव सीडीओ के पद पर रहीं। 2017 में पहली बार उन्हें किसी जिले की कमान सौंपी गई। नेहा शर्मा को उस साल फिरोजाबाद का जिलाधिकारी बनाया गया था। इसके बाद उन्होंने कई जिलों में अपनी सेवाएं दीं। उनके जीवन में योग का काफी महत्व है। वे इससे जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होती रहती हैं। कोरोना काल के दौरान उनका वॉटर योगा का कांसेप्ट लोगों को खूब पसंद आया था।

यह भी पढ़ें- UP में 22 IAS अफसरों का तबादला, बहराइच-मिर्जापुर व प्रयागराज समेत दस जिलों के बदले DM