आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआइ इंपेक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने प्रतिक्रिया दी है। मायावती ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अर्धनग्न होकर प्रदर्शन को अशोभनीय बताया और कहा कि अंतर्राष्ट्रीय समिट के दौरान ऐसा आचरण करना चिंता की बात है। साथ ही बसपा मुखिया ने कहा कि ऐसे समय अपने देश की गरिमा बिगाड़ना उचित नहीं है।
मायावती ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से पोस्टकर कहा कि नई दिल्ली में आयोजित ’एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह इवेन्ट अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है, जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं। वे अति-अशोभनीय व निन्दनीय है।
यूपी की पूर्व सीएम ने कहा कि अगर ये सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिन्ता की बात है अर्थात अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने AI इम्पैक्ट समिट को बताया PR तमाशा, कहा भारतीय प्रतिभा का नहीं उठाया लाभ
गौरतलब है कि 20 फरवरी को दिल्ली में एआई समिट 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस के आठ से दस कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम परिसर में भारत-अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। साथ ही कार्यकर्ताओं ने टीशर्ट उतार कर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की और ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’ के नारे लगाए। विरोध प्रदर्शन के दौरान भारतीय युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।




















