अखिलेश ने कहा, मतदाताओं को नोटिस भेजना ‘नोटबंदी’ के बाद है भाजपा सरकार का ‘वोटबंदी’ अभियान

अखिलेश यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। सपा मुखिया ने कहा कि बड़े पैमाने पर मतदाताओं को नोटिस भेजना नोटबंदी के बाद भाजपा सरकार का वोटबंदी अभियान हैं। भाजपा की नीयत तब भी खराब थी, अब भी खराब है।

यह भी पढ़ें- अखिलेश ने कहा गलती हुई, मुझे रामभद्रचार्य को भेजना चाहिए था जेल

अखिलेश यादव ने बुधवार को मीडिया से कहा कि पहले तो सिर्फ मुसलमानों को कागज के लिए परेशान किया जाता था, अब तो हिंदुओं को भी नोटिस पर नोटिस जा रहे हैं। कोई दावा कर रहा था कि हम गलत वोटों के पकड़े जाने पर उन लोगों को डिटेंशन सेंटर भेज देंगे तो क्या अब वो वोट के आधार पर नागरिकता तय करेंगे और लोगों को उनके खेत, जमीन, घर-मकान से बेदखल करेंगे?

वो बेचारे तो लड़ भी नहीं पाएंगे

साथ ही कहा कि जब नेताजी सुभाष चन्द्र बोस जी और नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन जी के परिजनों को नकार दिया गया तो आम लोगों का क्या, वो बेचारे तो लड़ भी नहीं पाएंगे, उल्टे वोटर कार्ड नहीं होने पर वो और उनके परिवार के बुजुर्ग और बच्चे अपने हक- अधिकार, विरासत, जायदाद, जमा-पूंजी के जब्त हो जाने के डर से हमेशा तनाव और चिंता में ही रहेंगे।

भाजपा को सिर्फ धांधली का ही भरोसा

अखिलेश यादव ने आगे कहा कि सच तो ये है कि भाजपा ने अपनी बेईमानी, धोखेबाजी और चाल-चरित्र के ऐतिहासिक पतन के कारण अपना जनाधार पूरी तरह खो दिया है। इसीलिए अब भाजपा को सिर्फ धांधली का ही भरोसा है। उसके तथाकथित पन्ना प्रमुख खुद ही भाजपाइयों को देखकर मुंह फेर ले रहे हैं क्योंकि भाजपा के गोरखधंधे, गलत नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, बेकारी की वजह से वो अपने गांव, समाज, बिरादरी में मुंह दिखाने लायक नहीं बचे हैं।

कागज तो पहले भी वोटर ने दिखाए थे…

वहीं भाजपा सरकार को निशाना पर लेते हुए सपा मुखिया ने कहा कि जनता कह रही कि ये तो सीधी सी बात है कि आज जिन कागजों को दिखाकर वोटर के नाम, उम्र व अन्य विवरण को ठीक करने का दावा चुनाव आयोग कर रहा है, वही कागज तो पहले भी वोटर ने दिखाए थे, तब फिर गलती कैसे हुई और क्या गारंटी कि फिर नहीं होगी? इसका मतलब गलती चुनाव आयोग ने करी और वोट सही कराने के लिए, अपना सारा काम छोड़कर दौड़ना जनता को पड़ रहा है।

पीडीए के वोट काटने का बहुत बड़ा षडयंत्र

हमला जारी रखते हुए सपा सुप्रीमो ने कहा दरअसल सीधी बात ये है कि ये पीडीए के वोट काटने का एक बहुत बड़ा षडयंत्र है, जिसमें अगर वोटर थोड़ा जागरूक हुआ तो अपना नाम जुड़वा लेगा नहीं तो नाम ठीक कराने में आ रहीं दिक्कतों के कारण पीछे हट जाएगा। पीडीए प्रहरियों और ईमानदार बीएलओ की वजह से भाजपा व उनके संगी-साथी अपनी चाल में कामयाब नहीं हो पा रहे हैं। पीडीए प्रहरी याद रखें। एक भी झूठा वोट न जुड़ने पाए। एक भी सही वोट न कटने पाए। एक भी सही वोट न घटने पाए।

यह भी पढ़ें- जापान दौरे पर अखिलेश का तंज, ‘क्योटो जा सीएम योगी सीखें शहर बढ़ाने के साथ उसकी विरासत कैसे जाता है बचाया