नहीं रहे जम्मू-कश्मीर के आखिरी राज्यपाल सत्यपाल मलिक, RML में ली अंतिम सांस

सत्यपाल मलिक
सत्यपाल मलिक। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का मंगलवार को दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में निधन हो गया है। 79 वर्षीय मलिक लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से पीड़ित थे और राम मनोहर लोहिया अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। जहां आज दोपहर करीब डेढ़ बजे अंतिम सांस ली। सत्यपाल मलिक के निधन से राजनीतिक गलियारों से लेकर आम जनता तक में शोक की लहर दौड़ गई है।

उनके सहयोगी कंवर सिंह राणा ने निधन की पुष्टि की है। कंवर सिंह राणा ने बताया कि पूर्व राज्यपाल ने दोपहर एक बजकर 12 मिनट पर दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में अंतिम सांस ली। दरअसल 11 मई 2025 को उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। बीमारी से जूझते हुए उन्होंने लंबा समय बिताया, लेकिन अंत में शरीर ने साथ छोड़ दिया।

यह भी पढ़ें- सत्यपाल मलिक की हालत बिगड़ी, ICU में किए गए शिफ्ट, पूर्व राज्‍यपाल ने कहा, जिस भ्रष्‍टाचार की जानकारी पीएम मोदी को दी, उसी में मुझे जा रहा फंसाया

राजनीतिक सफर की बात करें तो सत्यपाल मलिक का राजनीतिक जीवन कई दशकों तक फैला रहा। उन्होंने न केवल जम्मू-कश्मीर, बल्कि गोवा, मेघालय और बिहार के राज्यपाल के रूप में भी कार्य किया। उनका जन्म 24 जुलाई 1946 को हुआ था। राजनीतिक करियर की शुरुआत में वे 1974-77 में उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रहे, फिर राज्यसभा (1980-86, 1986-89) और लोकसभा (1989-91) का भी हिस्सा रहे।

सत्यपाल मलिक अपनी बेबाकी और स्पष्टवादिता के लिए भी जाने जाते थे। उन्होंने कई बार अपनी ही सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए, और किसानों से जुड़े मुद्दों पर खुलकर पक्ष लिया। ऐसे नेताओं की संख्या आज की राजनीति में बहुत कम है।

यह भी पढ़ें- जलविद्युत केस में पूर्व राज्‍यपाल के खिलाफ CBI की चार्जशीट, सत्यपाल मलिक ने कार्रवाई को बताया राजनीतिक प्रतिशोध का नतीजा