गर्ल्स हॉस्टल का दौरा कर बोले सांसद पप्पू यादव, “NEET की छात्रा ने आत्महत्या नहीं की, हुई है हत्या”

पप्पू यादव
मीडिया से बातचीत करते पप्पू यादव।

आरयू वेब टीम। बिहार के पूर्णिया से सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने पटना की नीट छात्रा की मौत के मामले को हत्या बताया है। साथ ही आरोप लगाया कि हॉस्टल में एक मर्डर हुआ है और पूरे मामले को दबाने की कोशिश की गई। अभी तक मामले में हॉस्टल संचालक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने मंगलवार को पटना के गर्ल्स हॉस्टल का दौरा किया। साथ ही मीडिया से बातचीत के दौरान पप्पू यादव ने कहा, “सब लोग मिले हुए हैं। मैं लगातार कह रहा हूं कि छात्रा की हत्या को लेकर कोई हॉस्टल नहीं ले रहा है। इस हॉस्टल का रजिस्ट्रेशन भी नहीं है। पहले ही मामले को दबाने की कोशिश की गई।”

पप्पू यादव ने पूछा, “मामले को आत्महत्या का रूप क्यों दिया जा रहा है? क्यों हॉस्टल संचालक को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया गया? पीएमसीएच पर भरोसा क्यों नहीं है? वहां हुए पोस्टमार्टम पर भरोसा क्यों नहीं किया गया? क्या कोई बेटी सुरक्षित है? सीसीटीवी कैमरे बंद क्यों रखे गए हैं?” साथ ही कहा कि हॉस्टल संचालक को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया जाना चाहिए। इस मामले की गहनता से जांच होनी चाहिए। पप्पू यादव ने कहा कि हम लोग हाईकोर्ट जा रहे हैं और सीबीआइ जांच की मांग करेंगे।

यह भी पढ़ें- FIR दर्ज होने पर बोले सांसद पप्पू यादव, चुनाव आयोग के डर से नहीं बंद करेंगे गरीबों की मदद

इस दौरान राहुल गांधी के ‘भाजपा और आरएसएस चाहते हैं कि देश के लोग चुप रहें’ वाले बयान पर पप्पू यादव ने कहा, “सुप्रीम कोर्ट पहले ही यह कह चुका है। जहां भी चुनाव होते हैं, आप ईडी और सीबीआइ से चुनाव आयोग को डराते रहते हैं। ममता बनर्जी ने उन्हें जवाब दिया। जैसे को तैसा। उन्हें (भाजपा को) ममता बनर्जी जैसी सुपरपावर वाले किसी व्यक्ति की जरूरत है।” कांग्रेस नेता ने कहा कि राहुल गांधी महात्मा गांधी के रास्ते पर चल रहे हैं और ममता बनर्जी सुभाष चंद्र बोस के रास्ते पर चल रही हैं। उन्हें चलने दीजिए।

बता दें कि छह जनवरी 2026 को पटना के चित्रगुप्त नगर स्थित एक निजी हॉस्टल ‘शंभू गर्ल्स हॉस्टल’ में रह रही 17–18 वर्षीय नीट की तैयारी कर रही छात्रा को बेहोशी की हालत में पाया गया। छात्रा की पहचान जहानाबाद जिले की निवासी के रूप में हुई।

बेहोशी की हालत में छात्रा को पहले कंकड़बाग स्थित सहजानंद अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे प्रभात मेमोरियल प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर उसे मेदांता जैसे बड़े अस्पताल में रेफर किया गया, जहां 11 जनवरी 2026 को उसकी मौत हो गई।

शुरुआत में पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यौन हिंसा की आशंका सामने आने के बाद मामला पलट गया। परिजनों ने दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें- मंच से राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की संविधान बचाने की अपील, कहा भाजपा-RSS कर रही बाबा साहब का अपमान