आरयू ब्यूरो, लखनऊ। प्राइवेट स्कूलों के खिलाफ बढ़ी फीस को लेकर अभिभावकों ने मोर्चा खोल रखा है। इसी क्रम में लखनऊ के जानकीपुरम इलाके में सोमवार निजी स्कूल के खिलाफ अभिभावकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। स्कूल पर नए सत्र से मनमानी तरीके से फीस बढ़ाने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में मेन गेट के सामने जुटे पेरेंट्स ने बैनर टांगकर जमकर नारेबाजी की।
इस दौरान ‘बच्चों की शिक्षा को व्यापार बनाना बंद करो, लूट की दुकान बंद करो’ जैसे नारे लगाए। इस दौरान काफी देर तक हंगामे जैसा माहौल रहा। वहीं स्कूल प्रशासन का कहना था कि सिर्फ गिनती के कुछ लोग साजिश के तहत गेट पर पहुंचकर हंगामा करने के मकसद से जुटे थे, जो खुद नियमित तौर पर अपने बच्चों की फीस नहीं जमा करते।
वहीं प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों का कहना है कि, स्कूल ने बेहिसाब तरीके से फीस बढ़ाई है। यहां खुलेआम तरीके से धन उगाही की जा रही है। बावजूद इसके शिक्षा विभाग ऐसे स्कूलों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। पेरेंट्स ने फीस बढ़ाने के अलावा स्कूल पर कॉपी-किताब और ड्रेस के नाम पर भी जमकर वसूली करने का आरोप लगाया। मामला बढ़ता देख स्कूल की तरफ से कुछ लोगों को प्रिंसिपल से मिलने के लिए बुलाया गया पर सभी पेरेंट्स एक साथ जाने पर अड़े रहे। हालांकि, किसी तरह बातचीत के जरिए पेरेंट्स को शांत कराने की कोशिश की जा रही है।
इस दौरान अनएडेड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा कि सभी स्कूल उत्तर प्रदेश फीस रेगुलेशन एक्ट का सख्ती से पालन कर रहे हैं और कोई भी स्कूल अपने परिसर में यूनिफॉर्म, किताबें या स्टेशनरी की बिक्री नहीं कर रहा है। यदि किसी स्कूल के खिलाफ इस तरह की शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कराई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर एसोसिएशन भी अपने स्तर पर कार्रवाई करेगा। हालांकि, फिलहाल इस पूरे मामले पर उन्होंने कुछ कहने से इनकार कर दिया। अनिल अग्रवाल ने कहा कि यदि किसी स्कूल के खिलाफ इस तरह की शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें- प्राइवेट स्कूल को मिली बम से उड़ाने की धमकी, फोन कॉल से मचा हड़कंप
बता दें कि लखनऊ के कुछ निजी स्कूलों पर नए सत्र से कई गुना फीस बढ़ाने के आरोप लग रहे हैं। सोमवार को जानकीपुरम के ब्राइट वे कॉलेज में भी पेरेंट्स ने स्कूल प्रशासन पर मनमानी तरीके से कई गुना फीस बढ़ाने का आरोप लगाते हुए पहुंचे। इस दौरान पहले पेरेंट्स ने स्कूल प्रिंसिपल से बात करनी चाही, पर स्कूल के अड़ियल रवैये को देखकर मेन गेट के बाहर आकर खड़े हो गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में पेरेंट्स गेट के सामने जुट गए। इनमें महिलाएं भी रही।




















