रिलीज से पहले ऑनलाइन लीक हुई थलापति विजय की आखिरी फिल्म

थलापति विजय
थलापति विजय। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की फिल्म जन नायकन इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। इस बीच रिलीज से पहले इसके लीक होने की खबर ने मेकर्स के साथ ही एक्टर को तगड़ा झटका दिया है। ‘जन नायकन’ का करीब पांच मिनट का क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसके बाद विजय ने सख्त एक्शन लेते हुए कहा कि जो लोग इस लीक प्रिंट को शेयर करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज की गई है।

विजय ने कहा कि ‘जन नायगन के लीक हुए क्लिप शेयर करने वाले सभी अकाउंट्स के खिलाफ साइबर क्राइम की शिकायत दर्ज की गई है। अधिकारी इसमें शामिल हर आइडी को ट्रैक कर रहे हैं और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’ दरअसल इस लीक्ड वीडियो में फिल्म के टाइटल क्रेडिट्स और विजय के कुछ अहम सीन शामिल बताए जा रहे हैं। जैसे ही ये क्लिप सामने आया, फैंस के बीच हलचल मच गई और सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा तेज हो गई। इस लीक से मेकर्स को बड़ा झटका लगा है। कई फैंस ने भी सोशल मीडिया पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। माना जा रहा है कि लीक से जुड़े लोगों पर कानूनी कदम उठाए जा सकते हैं।

गौरतलब है कि जन नायकन पहले से ही सेंसर बोर्ड की अड़चनों के कारण चर्चा में थी। फिल्म को पोंगल के मौके पर रिलीज किया जाना था, लेकिन कुछ सीन पर आपत्ति के चलते इसे सर्टिफिकेट नहीं मिल सका। इसके बाद मेकर्स को फिल्म रिवाइजिंग कमिटी के पास भेजनी पड़ी। फिलहाल फिल्म की नई रिलीज डेट की घोषणा नहीं की गई है।

यह भी पढ़ें- सुपरस्टार थलापती विजय की जन नायकन को बड़ा झटका, हाई कोर्ट ने सर्टिफिकेट के आदेश पर लगाई रोक

बात करे फिल्म की तो इस फिल्म का निर्देशन एच. विनोद ने किया है। वहीं, म्यूजिक अनिरुद्ध रविचंदर का है और सिनेमैटोग्राफी सत्यान सूर्यन ने संभाली है। यह फिल्म खास इसलिए भी मानी जा रही है क्योंकि इसे विजय के करियर की आखिरी फिल्म बताया जा रहा है। ऐसे में फैंस इस फिल्म के रिलीज होने का और भी ज्यादा इंतजार कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- सुपरस्टार थलापति विजय ने अपनी पार्टी TVK के झंडे व चुनाव निशान का किया अनावरण, कहीं ये खास बातें