बाराबंकी पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, दो की मौत, पांच घायल

पटाखा फैक्ट्री

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बाराबंकी जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया है। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सराय बरई गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक भयंकर विस्फोट हो गया। हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। विस्फोट इतना जोरदार था कि मृतकों के शरीर के टुकड़े दूर तक बिखर गए। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागने लगे। आस-पास के ग्रामीणों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, दमकल की गाड़ियां और राहत-बचाव दल रेस्क्यू कार्य में जुट गए।

मिली जानकारी के मुताबिक ब्लास्ट टिकैतनगर थाना क्षेत्र के सराय बरई गांव की है। जहां दोपहर करीब 2:10 बजे मजदूर काम में जुटे थे, तभी अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि पूरा इलाका दहल उठा और आस-पास के घरों की दीवारें तक हिल गई। ग्रामीणों के मुताबिक, धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आग पर काबू पाने की कोशिशें की गईं और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य धमाके के बाद भी कई छोटे-छोटे विस्फोटों की आवाजें सुनाई देती रहीं  इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि वहां अवैध रूप से बारूद या आतिशबाजी सामग्री रखी गई थी। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है। मौके पर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

यह भी पढ़ें- उत्‍तर प्रदेश की अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, चार महिलाओं की दर्दनाक मौत, दर्जनों घायल

पुलिस ने बताया कि फिलहाल विस्फोट के असली कारणों की जांच की जा रही है। फैक्ट्री के मालिक और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि परिसर में बारूद या विस्फोटक सामग्री का अवैध भंडारण तो नहीं किया गया था। प्रशासन ने कहा कि हादसे में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है, और अधिकारियों ने लोगों से अफवाहें न फैलाने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि आवासीय इलाकों में चल रही अवैध पटाखा फैक्ट्रियों पर निगरानी क्यों नहीं रखी जा रही।

यह भी पढ़ें- UP: पटाखा बाजार में लगी भीषण आग, 65 दुकानें राख, कई घायल, करोड़ों का नुकसान, धमाकों से दहला इलाका