अपर्णा को तलाक देंगे प्रतीक यादव, सोशल मीडिया पर किया ऐलान

प्रतीक यादव

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी अपर्णा यादव से तलाक लेने का ऐलान कर दिया है। प्रतीक ने ये ऐलान इंस्टाग्राम पर एक भावुक और तीखे पोस्ट के जरिये किया है। इस पोस्ट में उन्होंने अपर्णा यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही उन्हें स्वार्थी महिला कहा है। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

प्रतीक यादव ने अपनी पोस्ट में अपर्णा यादव को ‘ए फैमिली  डिस्ट्राॅयर’ बताया है। साथ ही कहा है उन्होंने उनके पारिवारिक रिश्तों को बर्बाद कर दिया। वह जल्द से जल्द इस रिश्ते को खत्म करना चाहते हैं। आरोप लगाया कि अपर्णा केवल प्रसिद्धि और प्रभाव हासिल करने में रुचि रखती हैं और उनकी मानसिक स्थिति को लेकर उन्हें कोई सरोकार नहीं है। पोस्ट में प्रतीक ने ये भी कहा कि उन्होंने कभी इतनी ‘खराब आत्मा’ नहीं देखी और दुर्भाग्य से उनसे विवाह कर बैठे।

यह भी पढ़ें- बिहार विधानसभा चुनाव में भोजपुरी एक्‍टर पवन सिंह की पत्‍नी ज्योति भी ठोकेंगी ताल, पिता ने की घोषणा

बता दें कि प्रतीक यादव और अपर्णा बिष्ट की शादी वर्ष 2011 में बड़े धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद अपर्णा यादव राजनीति में सक्रिय हुईं और वर्ष 2022 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गईं। इसके बाद से ही यादव परिवार के भीतर मतभेद की चर्चाएं सामने आती रही हैं। प्रतीक यादव की ये इंस्टाग्राम पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और कयास लगाए जा रहे हैं कि यह रिश्ता औपचारिक रूप से टूट सकता है, हालांकि अभी तक अपर्णा यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें- भोजपुरी एक्टर से मिलने लखनऊ पहुंची पत्‍नी ज्योति, पवन सिंह ने बुलाई पुलिस