प्रयागराज में बड़ा हादसा, अमोनिया गैस टैंक फटने से कोल्ड स्टोरेज धराशायी, आठ मजदूरों की मौत

प्रयागराज
हादसे में रेस्क्यू करती टीम।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/प्रयागराज। प्रयागराज के फाफामऊ के चांदपुर में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। कोल्ड स्टोरेज तेज धमाके के साथ धराशायी हो गया। अमोनिया गैस टैंक फटने के चलते ये हादसा हुआ है। मलबे में डेढ़ दर्जन से अधिक मजदूर दब गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल की कई गाड़ियों के साथ कई एंबुलेंस और आस-पास के थानों की पुलिस फोर्स रेस्क्यू आपरेशन में जुट गई है। इस हादसे में आठ मजदूरों के मौत हो गई, जबकि छह की हालत नाजुक बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि हादसे के समय कोल्ड स्टोरेज में आलू भंडारण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज धमाके के साथ अमोनिया टैंक फट गया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरी छत भरभराकर गिर गई और वहां काम कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए। जानकारी के अनुसार, मलबे में फंसे अधिकतर मजदूर बिहार के सहरसा जिले के निवासी हैं। गैस रिसाव के चलते रेस्क्यू टीमों को अंदर जाने में काफी कठिनाई हो रही है।

यह भी पढ़ें- UP में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस को मारी टक्कर, छह यात्रियों की मौत, 15 घायल

हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर घटनास्थल पर जुट गए। अमोनिया गैस की तेज दुर्गंध के कारण लोगों को सांस लेने में भी परेशानी हुई, जिससे कई लोग अपने नाक और मुंह को रुमाल व गमछे से ढंककर खड़े नजर आए। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौके पर जिलाधिकारी मनीष कुमा वर्मा, पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार समेत तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें- मेट्रो स्‍टेशन के पास बिल्डिंग में लगी भीषण आग, तीन बच्चों समेत परिवार के सात सदस्यों की दर्दनाक मौत