प्रियंका गांधी ने कहा, “विधेयक बदलने से खत्‍म हो जाएगा मनरेगा, ये मजदूरों के खिलाफ”

प्रियंका गांधी
मीडिया से बात करतीं प्रियंका गांधी।

आरयू वेब टीम। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लोकसभा द्वारा ‘विकसित भारत-जी राम जी विधेयक 2025’ पारित होने पर मोदी सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने गुरुवार को आरोप लगाया कि जी राम विधेयक से महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) खत्म हो जाएगा और यह मजदूरों के खिलाफ है।

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष सरकार के इस कदम का पुरजोर विरोध करेंगे। प्रियंका ने संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि, ‘‘इस विधेयक से मनरेगा खत्म होने जा रहा है। हम इस विधेयक का पूरी तरह से विरोध करेंगे। इस पर सभी विपक्षी पार्टियां सहमत हैं।’’ उन्होंने दावा किया कि सौ दिन से 125 दिन की मजदूरी वाली बात सिर्फ एक चालाकी है, क्योंकि विधेयक पढ़ने पर किसी को भी यह समझ आ जाएगा कि मनरेगा को खत्म किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- प्रियंका ने मनरेगा पर सरकार को घेरा, पूछा महात्मा गांधी का नाम हटाने के पीछे क्या है मंशा

इस दौरान प्रियंका ने कहा, ‘‘जैसे ही बजट का बोझ राज्य सरकारों पर पड़ेगा, वैसे ही धीरे-धीरे मनरेगा बंद हो जाएगा क्योंकि राज्यों के पास पैसे नहीं हैं।’’ उनका कहना था कि मनरेगा योजना देश के गरीब से गरीब लोगों के लिए रोजगार का सहारा थी, जो कोरोना जैसे मुश्किल हालातों में भी उनके साथ थी। साथ ही कहा कि ‘‘विधेयक गरीबों, मजदूरों के खिलाफ है, हम इसका सख्त विरोध करेंगे।’’

यह भी पढ़ें- मनरेगा पर अखिलेश ने कहा, भाजपा सरकार के पास नया काम नहीं, इसलिए बदल रही पुरानी योजनाओं का नाम