आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की फोटो से छेड़छाड़ का विरोध कर लखनऊ में मंगलवार को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मुख्यालय के बाहर भाजपा आइटी सेल हेड अमित मालवीय का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेसियों ने भाजपा मुर्दाबाद के भी नारे लगाए, जबकि पुतला फूंकने को लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर खींचातानी हुई, मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पुतला बचाने के लिए जान लड़ा दी, हालांकि वो पूरी तरह से कामयाब नहीं हो सके।
दरअसल भाजपा के आईटी सेल के द्वारा राहुल गांधी के चेहरे में पाकिस्तान के जर्नल का चेहरा मिलाकर फोटो बना दी थीं। जिसपर कांग्रेसी आक्रोशित हो गए। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुर्दाबाद के नारे लगाए और भाजपा आइटी सेल हेड अमित मालवीय का पुतला फूंकने पहुंचे। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के बीच में जमकर खींचातानी और नोकझोंक हुई। खींचतान में आधा पुतला पुलिस के हाथ में आधा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ में चला गया। कड़ी मशक्कत के बाद कांग्रेसी पुतले का टुकड़ा जलाने में कामयाब हुए।
वहीं प्रदर्शन में शामिल कांग्रेसी नेता तौहीद ने कहा हम लोगों ने अमित मालवीय का पुतला फूंका है। भाजपा आइटी सेल के द्वारा कांग्रेसी नेता राहुल गांधी और पाकिस्तान के जनरल का चेहरा साथ में जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल किया है। यह बेहद अफसोसजनक है।
साथ ही कहा कि एक चुने हुए सांसद और नेता प्रतिपक्ष को आतंकी देश पाकिस्तान के सेना के अधिकारी से मिलाया जा रहा है। हम लोग इसका विरोध करते हैं। मांग करते हैं कि अमित मालवीय के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाए।
कांग्रेस के शहर अध्यक्ष शहजाद आलम ने कहा- भाजपा के लोग कभी नेता प्रतिपक्ष को अपमानित करते हैं, तो कभी सेना के अधिकारी कर्नल सोफिया को। यह लोग किसी का सम्मान करना नहीं जानते हैं। भाजपा के आईटी सेल के द्वारा राहुल गांधी के चेहरे में पाकिस्तान के जर्नल का चेहरा मिला दिया गया यह शर्मनाक है।
यह भी पढ़ें- भाजपा मंत्री पर फूटा कांग्रेसियों का गुस्सा, लखनऊ में प्रदर्शन कर की विजय शाह को जेल भेजने की मांग
इस पोस्ट के माध्यम से देश में नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। किसी भी भारतीय का चेहरा पाकिस्तान से मिलाना अपराध है। ऑपरेशन सिंदूर के समय कांग्रेस समेत पूरे देश ने सेना और सरकार का साथ दिया। भारतीय जनता पार्टी के लोग आपदा में अवसर तलाश रहे हैं। हमारी मांग है कि भाजपा आईटी सेल राहुल गांधी से माफी मांगे।