राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान हेलीपैड धंसा, बाल-बाल बची

द्रौपदी मुर्मु
धंसे हुए हेलीपैड से हेलीकॉप्टर को निकालते सुरक्षाकर्मी।

आरयू वेब टीम। केरल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। बुधवार को राष्ट्रपति को सबरीमाला यात्रा पर ले गए वायु सेना का हेलीकॉप्टर लैंडिंग कर रहा था तभी हेलीपैड एक हिस्सा धंस गया और हेलीकॉप्टर के पहिए गड्ढे में फंस गया। गनीमत ये रही की राष्ट्रपति समेत सभी लोग सुरक्षित रहे। अचानक हुई इस घटना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड व पुलिस बल ने हालात संभाले।

मिली जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति मुर्मू अपनी चार दिवसीय केरल यात्रा के दौरान बुधवार को सबरीमाला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रही थीं।
राष्ट्रपति मुर्मू की लैंडिंग मूल रूप से सबरीमाला के पास निलक्कल में प्रस्तावित थी, लेकिन खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर को पथानामथिट्टा जिले के प्रमादम स्थित राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम में उतारा गया।

जहां हेलीकॉप्टर के पहिए कंक्रीट में बने हेलीपैड में धंस गए। अचानक हुए हादसे के बाद, मौके पर तैनात पुलिस बल और फायर ब्रिगेड के जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला। साथ ही हेलीकॉप्टर को धंसे हुए स्थान से बाहर निकालने के लिए उसे शारीरिक बल से धक्का दिया। गनीमत रही कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी लोग सुरक्षित रहे। दरअसल ये हेलीपैड हाल ही में नए कंक्रीट से बनाया गया था, जो पूरी तरह से सूखा नहीं था।

यह भी पढ़ें- केदारनाथ के पास प्राइवेट कंपनी का हेलीकॉप्टर फिर क्रैश, छह श्रद्धालुओं सहित पायलट की भी मौत
एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए प्रमदम को अंतिम समय में तय किया गया था। मंगलवार देर रात ही वहां हेलीपैड बनाया गया था, इसीलिए वह ठीक से सूख नहीं पाया था। पहले राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग पंबा के पास निलक्कल में होनी थी, लेकिन खराब मौसम की वजह से जगह को बदलकर प्रमदम कर दिया गया। साथ ही बताया कि कंक्रीट पूरी तरह से जम नहीं पाया था, इसलिए लैंडिंग के समय वह हेलीकॉप्टर का वजन संभाल नहीं पया। पहियों का दबाव जहां भी पड़ा वहां पर गड्ढे बन गए।
यह भी पढ़ें- श्रद्धालुओं को केदारनाथ ले जा रहे हेलीकॉप्टर की हाईवे पर इमरजेंसी लैंडिंग, वाहन क्षतिग्रस्त