आरयू वेब टीम। देशभर में धूमधाम से दीपावली का पर्व मनाया जा रहा है। दिवाली के इस खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राहुल गांधी व अन्य नेताओं ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। वहीं कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी नागरिकों को शुभकामनाएं दी हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों के साथ ही विदेश में रह रहे भारतीयों को भी दिवाली की शुभकामनाएं देते हुए कहा, “दीपावली के शुभ अवसर पर मैं, भारत और विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। रावण पर विजय के बाद उनके अयोध्या लौटने पर जो आनंदोत्सव मनाया गया, उसमें प्रभु श्रीराम द्वारा सुंदर दीपमाला का सहर्ष अवलोकन किया गया, यह लोक विश्वास दीपावली मनाने का सांस्कृतिक और भक्तिपूर्ण आधार है। यह त्योहार रामराज्य के शुभारंभ का प्रतीक भी है।”
आगे कहा, “बुरी प्रवृत्तियों पर अच्छे संस्कारों की विजय का संदेश देने वाला ये पर्व हर प्रकार के कष्टों के समाप्त होने और सुखमय जीवन के आरंभ होने के विश्वास का अवसर भी है। दीपावली के अवसर पर, शुभारंभ एवं कल्याण के प्रदाता श्रीगणेश एवं सुख-समृद्धि की अधिष्ठात्री महालक्ष्मी की उपासना तथा सबके लिए खुशहाली की प्रार्थना की जाती है।”
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि “मैं कामना करती हूं कि देश के प्रत्येक नागरिक के जीवन में स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि व्याप्त हो, पर्यावरण संरक्षित रहे, समरसता और बंधुता के आदर्श और अधिक मजबूत हों तथा देशप्रेम की भावना से प्रेरित हमारी युवा पीढ़ी, आदर्श भारतीय मूल्यों के अनुरूप, विकसित भारत के निर्माण में उत्साहपूर्वक योगदान दे।”
उपराष्ट्रपति ने एकता व सद्भाव का किया आह्वान
उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने रविवार को दिवाली के अवसर पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रोशनी के इस त्योहार पर एकता और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया। अपने संदेश में, उपराष्ट्रपति ने दिवाली को एक ऐसे त्योहार के रूप में बताया जो अंधकार पर प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार “सत्यमेव जयते” के शाश्वत सिद्धांत को और मजबूत करता है, तथा लोगों को अपने जीवन में सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करता है।
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने दी दीवाली पर ग्रीन पटाखे जलाने की इजाजत
अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए, सीपी राधाकृष्णन ने कामना की कि दिवाली हर घर में खुशियां, शांति और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने एकता और सद्भाव के महत्व पर भी जोर दिया और कहा कि यह त्योहार विभिन्न समुदायों के बीच आपसी जुड़ाव और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने वाला होना चाहिए।
पीएम मोदी ने देशवासियों को दी दिवाली की बधाई
पीएम मोदी ने रविवार को देश के सभी नागरिकों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट में कहा, “देशभर के अपने परिवारजनों को दीपावली की असीम शुभकामनाएं।” इससे पहले शनिवार को दिवाली की बधाई देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछली साल की तरह, इस बार भी वे देश के बहादुर सैनिकों के साथ यह त्योहार मनाएंगे। अपने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किए गए एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि बाकी सभी लोगों की तरह, वे भी दीपावली को बहुत उत्साह के साथ मनाएंगे।
राहुल गांधी ने दी शुभकामनाएं
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने एक वीडियो संदेश पोस्ट किया है, जिसके जरिए उन्होंने लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं। एक्स पर अपनी पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा, “आपको और आपके परिवार को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं! हर घर में खुशियों और समृद्धि के दीप जलें। यह पावन पर्व पूरे भारत में सुख, शांति, सौहार्द और नई उम्मीदों की रोशनी लेकर आए।”
सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दीपावली पर्व पर शुभकामनाएं दी हैं। सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, “सत्य की साधना और सर्वमंगल की सनातन भावना के पावन महापर्व दीपावली की सभी को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के अयोध्या आगमन की पुण्य स्मृति से आलोकित यह महापर्व हमें सेवा, समरसता और सद्भाव के साथ लोक-कल्याण के पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है। कोई आंगन अंधकार में न रहे, कोई जीवन आशा से वंचित न रहे, यही दीपोत्सव का लोक-मंगलकारी संकल्प है। प्रभु श्री राम एवं माता जानकी की कृपा से सर्वत्र सुख, शांति और समृद्धि का आलोक व्याप्त हो। जय जय सियाराम।”
असम के सीएम ने दी बधाई
असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “अंधकार कितना भी गहरा हो, एक दीपक उसे मिटाने का सामर्थ्य रखता है। प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने पर जलाए गए दीप इसी सत्य को संजोए रखा है। आइए, दीपोत्सव पर विकास, विश्वास और समृद्धि के नए उजाले से हर घर, हर आंगन और हर जीवन को रोशन करने का संकल्प लें। शुभ दीपावली।”



















