आरयू ब्यूरो, लखनऊ। सूबे की राजधानी लखनऊ में अगले साप्ताह आयोजित होने वाले सांसद खेल महाकुंभ की तैयारियों को आज डीएम लखनऊ विशाख जी. ने गहनता से परखा। जिलाधिकारी ने के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया साथ ही बैठक कर संबंधित विभागों को अफसरों को खास निर्देश भी दिए हैं।
स्टेडियम के निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारीगण, डीसीपी ट्रैफिक, अपर नगर आयुक्त सहित विभिन्न विभागों एवं शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि यह आयोजन जिसका उद्देश्य युवाओं में खेल भावना, अनुशासन, ऊर्जा एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। सांसद खेल महाकुंभ-2026 का आयोजन अगामी 13 से 15 अप्रैल तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया जाएगा। उद्घाटन समारोह 13 अप्रैल को सुबह साढ़े नौ बजे होगा।
डीएम लखनऊ ने मीडिया को बताया कि प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित होगी। पहले में लखनऊ संसदीय क्षेत्र की पांचों विधानसभा क्षेत्र (लखनऊ मध्य, पूर्व, उत्तर, पश्चिम व कैंट) में जूनियर और सीनियर वर्ग (पुरुष/महिला) की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। दूसरे चरण में इन प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी 13 से 15 अप्रैल तक आयोजित मुख्य महोत्सव में प्रतिभाग करेंगे।
यह भी पढ़ें- सांसद खेल महाकुंभ का उद्घाटन कर रक्षा मंत्री ने कहा, PM मोदी के नेतृत्व में विकसित हुई नई खेल संस्कृति
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्य आयोजन के दौरान छाया के लिए टेंट, पेयजल, चिकित्सा टीम, एम्बुलेंस एवं फायर टेंडर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाए। सुगम व्यवस्था हेतु प्रवेश-निकास, दीर्घा व पार्किंग का विस्तृत माइक्रो मैनेजमेंट प्लान एवं मैप संस्थानों को उपलब्ध कराया गया है।
नगर निगम को निर्देशित किया गया कि स्टेडियम परिसर व पार्किंग स्थलों पर साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक ब्लॉक में मेडिकल स्टाफ, दवाइयां, फर्स्ट एड, ओआरएस एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वहीं महाकुंभ में एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल, हॉकी एवं बॉक्सिंग जैसी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। साथ ही मलखम्ब, कलारीपयट्टू और योग जैसे पारंपरिक खेलों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। लगभग 2400 खिलाड़ी इस आयोजन में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
विधानसभा के अनुसार इस तरह होगा आयोजन-
लखनऊ मध्य: केडी सिंह बाबू स्टेडियम (6-7 अप्रैल)
लखनऊ पूर्व: गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, गुडंबा (6-7 अप्रैल)
लखनऊ उत्तर: चौक स्टेडियम (8-9 अप्रैल)
लखनऊ पश्चिम: डॉ. शकुंतला देवी पुनर्वास केंद्र स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (8-9 अप्रैल)
लखनऊ कैंट: आरडीएसओ ग्राउंड (8-9 अप्रैल)




















