आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कोरोनाकाल के बाद से देशभर के साथ ही सूबे की राजधानी में भी लोगों की एकाएक मौत होने का दिल दहला देने वाला मामला लगातार सामने आ रहा है। आज इसी क्रम में महानगर क्षेत्र स्थित मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज में उस समय हड़कंप मचा गया, जब कक्षा छह का छात्र परीक्षा देते हुए अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। जिसे देख स्कूल प्रशासन ने छात्र को अस्पताल पहुंचाया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि छात्र की कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गयी है।
मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह महानगर स्थित मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज का छात्र अमेय सिंह उर्फ आरव स्कूल में अर्धवार्षिक एग्जाम दे रहा था। एग्जाम देते समय आरव की तबीयत बिगड़ गई। छात्र उत्तर पुस्तिका जमा करते ही अचानक बेहोश होकर गिर गया। कक्ष निरीक्षिका ने स्कूल प्रशासन को सूचना दी और आनन-फानन में छात्र को सिविल अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद जिला जज आशीष गर्ग की एकाएक मौत
जहां डॉक्टरों ने आरव को होश में लाने के लिए काफी देर तक सीपीआर दिया और दूसरे प्रयास किये, लेकिन रिस्पॉन्स नहीं मिला। थोड़ी देर बाद डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रॉट डेड’ घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने मौत के पीछे कार्डियक अरेस्ट को वजह बताया है।
वहीं अचानक हुई इस घटना से स्कूल परिसर में सनसनी फैल गई। बच्चे और शिक्षक सदमे में हैं, जबकि सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर उनका बुरा हाल था। डॉक्टरों के अनुसार, प्राथमिक जांच में कार्डिक अरेस्ट का मामला प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही लगाया जा सकेगा।




















