आरयू वेब टीम। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआइ) में नेतृत्व बदलाव होने जा रहा है। केंद्र सरकार ने शिरीष चंद्र मुर्मू को नए डिप्टी गवर्नर के रूप में नियुक्ति को मंजूर किया है। शिरीष चंद्र का कार्यकाल नौ अक्टूबर 2025 से शुरू होकर तीन साल तक चलेगा। वे राजेश्वर राव की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल आठ अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। राव अपने कार्यकाल के दौरान बैंकिंग नियमों और नीतियों के महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो संभालते रहे हैं।
शिरीष चंद्र मुर्मू वर्तमान में आरबीआइ में एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें बैंकिंग ऑपरेशन और नीति निर्माण में गहरी समझ के लिए जाना जाता है। आरबीआइ में उनके अनुभव ने उन्हें वित्तीय नियमन, मौद्रिक प्रबंधन और संस्थागत निगरानी में मजबूत पकड़ दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि उनका अनुभव उन्हें डिप्टी गवर्नर के रूप में सौंपे जाने वाले किसी भी पोर्टफोलियो को संभालने में मदद करेगा।
यह भी पढ़ें- BCCI अध्यक्ष बने मिथुन मन्हास, राजीव शुक्ला समेत इन्हें मिली जिम्मेदारी
आरबीआइ में कुल चार डिप्टी गवर्नर होते हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारियां संभालते हैं, जैसे कि मौद्रिक नीति, वित्तीय बाजार का नियमन, बैंकिंग नियम और निगरानी, अन्य संचालन और नीतिगत पोर्टफोलियो। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मुर्मू किस क्षेत्र की जिम्मेदारी लेंगे, लेकिन उनके पिछली भूमिका और अनुभव के आधार पर यह संभावना जताई जा रही है कि उन्हें वित्तीय और संचालन संबंधी जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं।




















