केंद्रीय बजट को शिवपाल यादव ने बताया, देश पर कर्ज व महंगाई बढ़ाने वाला

देश पर कर्ज-महंगाई

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। सोमवार को आम बजट 2021 सामने आते ही केंद्र सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। इस बीच बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्‍यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने इसे देश पर कर्ज व महंगाई बढ़ाने वाला बताया है।

प्रसपा मुखिया ने आज अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से ट्वीट कर कहा कि आम बजट से उम्मीद थी कि यह लोगों की क्रय शक्ति व रोजगार में वृद्धि कर देश की अर्थव्यवस्था को गति देगा, लेकिन बजट से देश का मध्य वर्ग, अन्नदाता व वंचित तबका निराश हुआ है। इस बजट से देश मे महंगाई व देश के ऊपर कर्ज बढ़ेगा। यह बजट सैद्धांतिक व व्यवहारिक दृष्टि से असफल है।

यह भी पढ़ें- केंद्रीय बजट: जानें बजट में किसको मिला फायदा, किसके हाथ आई मायूसी

साथ ही शिवपाल ने ये भी कहा कि आयकर में रिटर्न दाखिल करने में वरिष्ठ नागरिकों को मिले छूट की सीमा को 75 से घटा कर 65 वर्ष तक किया जाना चाहिए। इस बजट में रोजगार बढ़ाने वाली नीतियों का आभाव है। इतना ही नहीं आज जब देश की सीमाओं पर हालात तनावपूर्ण है और देश को चीन व पाकिस्तान दोनों मोर्चों पर एक साथ मुकाबला करना पड़ रहा है, तो ऐसे में देश के रक्षा बजट में हुई वृद्धि नाकाफी है।

बता दें कि केंद्रीय बजट पेश होने के बाद से लगातार विपक्ष मोदी सरकार को अन्‍य मुद्दों पर घेरे हुए। वहीं इस बजट से सबसे ज्यादा मायूस मीडिल क्लास हुआ है। मध्यम वर्ग को उम्मीद थी कि काफी समय से टैक्स में छूट नहीं मिली है, उस पर उन्हें इस बार रियायत मिल सकती है, लेकिन, उनके लिए मोदी सरकार की तरफ से कोई कदम नहीं उठाया गया।

यह भी पढ़ें- #Budget2021: वित्‍त मंत्री की घोषणा, कोविड वैक्सीनेशन के लिए केंद्र सरकार देगी 35,000 करोड़ रुपये