लद्दाख को राज्य का दर्जा देने की मांग करने वाले सोनम वांगचुक गिरफ्तार, CBI के बाद पुलिस ने भी कसा सिकंजा

सोनम वांगचुक

आरयू वेब टीम। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख को राज्य का दर्जा दिलाने की मांग कर रहे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। वांगचुक पर लोगों को हिंसा के लिए भड़काने के आरोप लगे हैं। सीबीआइ की कार्रवाई के बाद उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत लेह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल बुधवार को लेह में उग्र विरोध प्रदर्शन हुए थे। इसके चलते चार लोगों की मौत हुई और 70 से अधिक घायल हो गए।

सोनम वांगचुक को जेल ले जाया जाएगा या किसी अन्य स्थान पर रखा जाएगा अभी यह तय नहीं हुआ है। सरकार ने अशांति के लिए वांगचुक को दोषी ठहराया है। आरोप लगाया कि उनके “भड़काऊ बयानों” और अधिकारियों और लद्दाखी प्रतिनिधियों के बीच चल रही बातचीत से नाराज “राजनीति से प्रेरित” समूहों की कार्रवाइयों ने प्रदर्शनकारियों को उकसाया है।

गृह मंत्रालय ने आरोप लगाया कि वांगचुक ने अरब स्प्रिंग और नेपाल जेन जेड विरोध प्रदर्शन का हवाला दिया। इससे भीड़ आक्रोशित हुई। उग्र भीड़ ने लेह में स्थानीय भाजपा कार्यालय और कुछ सरकारी वाहनों को आग लगा दी। उपद्रव कर रहे लोगों और पुलिस के बीच झड़पें हुईं। पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े, लाठीचार्ज करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- लद्दाख आंदोलन के बीच सोनम वांगचुक की संस्था के खिलाफ CBI का एक्शन, जांच शुरू

गौरतलब है कि बुधवार को हुई झड़पों के बाद अधिकारियों ने लेह में कर्फ्यू लगा दिया है। वांगचुक ने राज्य का दर्जा और लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची में शामिल करने की मांग को लेकर अपनी दो सप्ताह की भूख हड़ताल बुधवार को हुई हिंसा के बाद समाप्त कर दी थी।

यह भी पढ़ें- सोनम वांगचुक के आंदोलन में छात्रों की पुलिस से झड़प, युवाओं ने फूंका भाजपा कार्यालय व वाहन