न्यूजीलैंड को 96 रनों से हरा टीम इंडिया तीसरी बार बनीं T-20 वर्ल्‍ड कप चैंपियन

टी20 वर्ल्ड कप
टी20 वर्ल्ड कप जीत की एक दूसरे को बधाई देते टीम इंडिया के प्लेयर्स।

आरयू वेब टीम। न्यूजीलैंड के साथ खेले गए मैच में टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब को अपने नाम कर लिया है। रविवार को गुजरात के अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में इंडियन टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से रौंदा। भारत ने टी20 विश्व कप की ट्रॉफी को तीसरी बार जीता है। भारत घरेलू सरजमीं पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाला पहला देश बन गया है। टीम इंडिया से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई।

फाइनल में भारत से मिले 256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सेमीफाइनल में शतकीय पारी खेलने वाले फिन एलन महज नौ रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद का सामना नहीं कर सके। इसके बाद रचिन रविंद्र भी एक रन बनाकर आउट हुए। ग्लेन फिलिप्स ने भी अपने प्रदर्शन से फैंस को निराश कर दिया और वह पांच रन बनाकर आउट हुए, जबकि मार्क चैपमेन को तीन रनों के स्कोर पर हार्दिक पांड्या ने पवेलियन भेजा। डेरिल मिचेल की खराब फॉर्म फाइनल में भी जारी रही और वह 17 रन ही बना सके।

वहीं एक छोर से बढ़िया बल्लेबाजी कर रहे टिम सीफर्ट 26 गेंदों में 52 रन बनाने के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर ईशान किशन को कैच देकर पवेलियन लौटे। सीफर्ट ने अपनी पारी में दो चौके और पांच छक्के लगाए। जेम्स नीशम आठ रन ही बना सके, जो मैट हेनरी अपना खाता भी नहीं खोल पाए। कप्तान मिचेल सैंटनर ने 35 गेंदों में 43 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए और पूरी टीम 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।

भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 15 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए। वहीं अक्षर पटेल ने 27 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट चटकाया। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 98 रन जोड़े। अभिषेक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 21 गेंदों में 52 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं, संजू सैमसन ने 46 गेंदों में पांच चौके और आठ छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। संजू टी20 विश्व कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने।

यह भी पढ़ें- ऑस्ट्रेलिया के खतरनाक गेंदबाज ने T20 इंटरनेशनल क्रिकेट से लिया संन्यास

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान किशन भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 25 गेंदों में 54 रन बनाए। ईशान ने 216 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए चार चौके और चार छक्के लगाए। हालांकि, हार्दिक पांड्या और कप्तान सूर्यकुमार यादव बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। सूर्या बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि हार्दिक ने 18 रन बनाए। अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने आठ गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए, जिसके दम पर भारतीय टीम पांच विकेट खोकर 255 रनों के बड़े टोटल तक पहुंचने में सफल रही।

बता दें कि ये टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले का सबसे बड़ा स्कोर भी रहा। भारतीय टीम ने 2007, 2024 के बाद तीसरा बार टी20 विश्व कप के खिताब को अपने नाम किया है।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान के फैसले पर BCCI ने कहा, हम ICC से पूरी तरह सहमत, नहीं देंगे बयान