टोक्यो पैरालंपिक: भारत की झोली में दो मेडल, मनीष ने स्वर्ण पदक पर लगाया निशाना, सिंहराज के हाथ लगा सिल्वर

टोक्यो पैरालंपिक
मनीष नरवाल और सिंहराज।

आरयू इंटरनेशनल डेस्क। टोक्यो पैरालंपिक गेम्स में शनिवार का दिन भारत के लिए शानदार साबित हो रहा है। निशानेबाज मनीष नरवाल ने भारत की झोली में एक और गोल्ड मेडल डाल दिया है।भारतीय निशानेबाज मनीष नरवाल और सिंहराज ने टोक्यो पैरालंपिक में कमाल कर दिया। मनीष ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की 50 मीटर पिस्टल स्पर्धा एसएच-1 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता। वहीं इसी स्पर्धा में सिंहराज अडाना ने बेहतरीन निशाना साधते हुए रजत पदक पर कब्जा किया।

हरियाणा के कथूरा गांव के रहने वाले मनीष नरवाल ने महज 19 साल की उम्र में इतिहास रच दिया है। मनीष नरवाल ने पहले दो शॉट में 17.8 ही स्कोर किया था, लेकिन इसके बाद नरवाल ने शानदार वापसी की। पांच शॉट के बाद नरवाल टॉप थ्री में जगह बनाने में कामयाब रहे और पांच शॉट के बाद उनका स्कोर 45.4 था। 12 शॉट के बाद मनीष 104.3 के स्कोर के साथ पांचवें नंबर पर बने हुए थे।

वहीं सिंघराज लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। 14वें शॉट के बाद सिंघराज नंबर चार पर बने हुए थे। 14वें शॉट के बाद फाइनल इवेंट में सिर्फ छह खिलाड़ी बचे थे जिनमें भारत के दो खिलाड़ी सिंघराज और मनीष नरवाल शामिल थे, हालांकि दोनों ही खिलाड़ियों पर बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था।

यह भी पढ़ें- पैरालंपिक में अवनि लेखरा ने दस मीटर एयर रायफल में जीता गोल्ड

15वें शॉट के बाद मनीष नरवाल 133.4 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गए। 16वें शॉट के बाद सिंघराज भी टॉप थ्री में पने जगह बनाने में कामयाब हो गए। 20वें शॉट के बाद भारत के लिए दो मेडल पक्के हो गए थे। चीन के खिलाड़ी को 7.5 के स्कोर के साथ बाहर होना पड़ा। आखिरी शॉट में मनीष नरवाल ने भारत के लिए गोल्ड जीता जबकि सिंघराज के हिस्से में सिल्वर मेडल आया।

निशानेबाजी में दो और मेडल मिलने के साथ ही टोक्यो पैरालंपिक गेम्स में भारत के पदकों की संख्या 15 पहुंच गई है। पैरालंपिक गेम्स के इतिहास में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। शनिवार को भारत के लिए बैडमिंटन में भी दो और मेडल पक्के हो चुके हैं।

यह भी पढ़ें- खेल दिवस’ पर पैरालंपिक में भाविना पटेल ने सिल्वर मेडल जीतकर भारत को दिया तोहफा