आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व विधायक पल्लवी पटेल के नेतृत्व में यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया गया। लखनऊ की आईटी चौराहे से निकाला गया पैदल मार्च विधानसभा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई और पुलिस बलपूर्वक विधायक पल्लवी पटेल समेत अन्य प्रदर्शनकारियों को वाहनों में भरकर ईको गार्डन ले गई।
दरअसल पल्लवी पटेल ने यूजीसी रेगुलेशन-2026 लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और समर्थकों के साथ जोरदार नारेबाजी की। धरनास्थल पर समर्थकों के हाथों में तख्तियां और बैनर नजर आए, जिन पर ‘यूजीसी रेगुलेशन लागू करो’ जैसे नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारी जैसे ही रिजर्व पुलिस लाइन के पास पहुंचे, पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया। मौके पर भारी बैरिकेडिंग की गई थी।
यह भी पढ़ें- UGC के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट का ब्रेक, पूछा क्या भारत बनता जा रहा प्रतिगामी समाज
इसपर पल्लवी पटेल ने बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिस पर पुलिस और उनके बीच तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते हालात तनावपूर्ण हो गए और झड़प की स्थिति बन गई। पुलिस के रोकने के बाद पल्लवी पटेल सड़क पर ही धरने पर बैठ गईं। काफी देर तक पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह विधानसभा तक जाने की मांग पर अड़ी रहीं। करीब 15 मिनट तक चले गतिरोध के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेना शुरू कर दिया।
साथ ही पल्लवी पटेल को जबरन पुलिस गाड़ी में बैठाने की कोशिश करने लगी पर पल्लवी पटेल ने पुलिस की गाड़ी में बैठने से इनकार कर दिया और सड़क पर लेट गईं। महिला पुलिसकर्मियों को उन्हें उठाकर वाहन तक ले जाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। गाड़ी तक पहुंचने के बाद भी वह गेट पर अड़ गईं। आखिरकार महिला पुलिसकर्मियों ने जबरन बाल और गर्दन पकड़कर गाड़ी के अंदर बैठाया, जिसका समर्थकों ने विरोध जताया। हिरासत में लिए गए सभी कार्यकर्ताओं को इको गार्डन भेज दिया गया।
इस दौरान पल्लवी पटेल ने कहा कि यूजीसी इक्विटी रेगुलेशन 2026 को टालना आरक्षित, पिछड़े और वंचित वर्गों के अधिकारों के साथ सीधा अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर इस मुद्दे को नजरअंदाज कर रही है। इस प्रदर्शन को उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई बताया और संकेत दिया कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।




















