छह बार विधायक रहे यूपी के पूर्व कैबिनेट मंत्री राजपाल त्यागी का निधन

राज्यपाल त्यागी
राज्यपाल त्यागी। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री और मुरादनगर विधानसभा सीट से छह बार विधायक रह चुके वरिष्ठ नेता राजपाल त्यागी का शुक्रवार को निधन हो गया। वे 80 वर्ष के थे और काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे। निधन की जानकारी उनके पुत्र और मौजूदा भाजपा विधायक अजीतपाल त्यागी ने सोशल मीडिया पर साझा की। जिससे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, राजपाल त्यागी पिछले पंद्रह दिनों से गाजियाबाद के यशोदा अस्पताल में भर्ती थे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी लोकेश त्यागी और दो पुत्र गिरीश पाल त्यागी व अजीतपाल त्यागी हैं। वहीं राजपाल त्यागी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनके निधन की खबर लगते ही क्षेत्रीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों का उनके आवास पर तांता लग गया है।

राजपाल त्यागी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की थी और वे आठ वर्षों तक गाजियाबाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रहे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़कर सफलता प्राप्त की। उन्होंने छह बार विधायक और तीन बार राज्य मंत्री के रूप में भी सेवाएं दीं।

यह भी पढ़ें- पूर्व कृषि मंत्री आनंद सिंह का लखनऊ में निधन, मुख्‍यमंत्री व अखिलेश ने जताया शोक

राजनीतिक लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे दो बार कांग्रेस, एक बार सपा, एक बार बसपा और दो बार निर्दलीय विधायक के रूप में चुने गए। 2012 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से खुद को अलग कर लिया और उनके बेटे अजीतपाल त्यागी ने 2017 व 2022 में भाजपा प्रत्याशी के रूप में मुरादनगर से जीत दर्ज की।

यह भी पढ़ें- पूर्व केंद्रीय मंत्री सरदार सुखदेव सिंह ढींडसा का निधन