UP में भीषण सड़क हादसा, बारातियों से भरी बस-ट्रक से टकराई, छह की मौत, सात घायल

भीषण सड़क हादसा
भीषण हादसा में गाड़ी के उड़े परखच्चे।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में हापुड़ जिले के थाना धौलाना क्षेत्र में सोमवार को भीषण सड़क हादसा हो गया है। बारातियों से भरी बस और ट्रक की टक्कर में छह बरातियों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजने के साथ ही शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मिली जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई एक बारात शादी समारोह के बाद आज सुबह वापस लौट रही थी, तभी कपूरपुर-धौलाना मार्ग पर तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित होकर एक हाइड्रा ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर बस के ऊपर ही पलट गया। इससे बस में सवार यात्री ट्रक के भारी वजन और मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आस-पास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलने पर एसपी हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह सहित करीब छह थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस में फंसे लोगों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

वहीं राहत और बचाव कार्य के दौरान कई यात्रियों को मलबे के नीचे से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- मध्य-प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक-पिकअप को मारी टक्कर, पांच की मौत, 17 घायल

इस संबंध में एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मीडिया को बताया कि “धौलाना-गुलावठी मार्ग पर लोग गुलावठी से एक बारात विवाह सम्पन्न कर लौट रही थी। डासना के निवासियों को ले जा रही ये बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किए गए और घायलों को अस्पतालों में भेजा गया। छह घायल व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि सात अन्य का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कुछ लोग रामा मेडिकल कॉलेज में, कुछ जीएस मेडिकल कॉलेज में और अन्य धौलाना के अस्पतालों में भर्ती हैं। यहां उनकी हालत सही बताई जा रही है।”

यह भी पढ़ें- UP में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस को मारी टक्कर, छह यात्रियों की मौत, 15 घायल