योगी सरकार ने यूपी के 15 लाख कर्मचारियों को दिया दिवाली गिफ्ट, किया बोनस का ऐलान

यूपी सरकार

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। योगी सरकार ने अपने राज्य के करीब 15 लाख सरकारी कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को राज्य सरकार के कर्मचारियों को वित्तीय साल 2024-25 के लिए बोनस देने का ऐलान किया। योगी ने कहा कि ये निर्णय कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा के प्रति राज्य सरकार की सराहना का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री योगी ने एक्स पर पोस्टकर कहा कि “दीपावली के पावन पर्व से पूर्व प्रदेश के 14.82 लाख राज्य कर्मचारियों को बोनस प्रदान किया जाएगा। वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 तक के कार्मिकों को 30 दिन की परिलब्धियों के आधार पर प्रति पात्र कर्मचारी ₹6,908 तक का बोनस दिया जायेगा। कर्मचारियों की निष्ठा, परिश्रम और योगदान के प्रति यूपी सरकार का यह एक उपहार है।”

सीएम कार्यालय की ओर से कहा गया है कि “मुख्यमंत्री ने दीपावली के पावन पर्व पर राज्य कर्मचारियों को बड़ा उपहार देते हुए वित्तीय साल 2024-25 के लिए बोनस देने की घोषणा की है। इस निर्णय से राज्य के लगभग 14.82 लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे, जिसपर लगभग ₹1,022 करोड़ का खर्च आएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र कर्मचारियों को बोनस का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि सभी परिवार इस पर्व को उल्लासपूर्वक मना सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। दीपावली के पहले यह आर्थिक लाभ राज्य कर्मचारियों के परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा तथा शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। समस्त राज्य कर्मचारियों को बधाई एवं दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं।”

यह भी पढ़ें- CM योगी का ऐलान, सरदार पटेल की जयंती पर विशाल पदयात्रा व रन फॉर यूनिटी का होगा आयोजन

दरअसल बोनस का लाभ उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों को होगा। इनके पद का वेतन मैट्रिक्स लेवल आठ (47,600- 1,51, 100 रुपये) तक है।  यानी ग्रेड स्केल 4800 तक के कर्मचारियों को इसका फायदा मिलेगा। इनमें राज्य के सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं के कर्मचारी, स्थानीय निकायों और जिला पंचायत कर्मचारी, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- CM योगी ने कहा, भगवान वाल्मीकि ने मनुष्य के सांसारिक उत्कर्ष के साथ मुक्ति का भी मार्ग किया प्रशस्त