आरयू वेब टीम। उत्तराखंड से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। अल्मोड़ा जिले के सीलापानी भिकियासैंण के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। जहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में सात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे की आवाज और चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार ये बस आज सुबह करीब छह बजे द्वाराहाट से रामनगर के लिए रवाना हुई थी। बस जैसे ही भिकियासैंण के पास सीलापानी पहुंची ही थी कि अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। ढलान और संकरा रास्ता होने के कारण बस सीधे सड़क से नीचे सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के गांवों के लोग सहम गए। खाई से आती चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग फौरन मौके पर दौड़े और पुलिस को सूचना दी।
हादसे की सूचना पाकर पुलिस प्रशासन, एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंची, क्योकि ये पहाड़ी इलाका काफी दुर्गम और ढलान वाला है, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस टीम रस्सियों के सहारे खाई में उतरी और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। बस में कुल 12 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि घायल यात्रियों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल भिकियासैंण पहुंचाया गया है।
यह भी पढ़ें- काकोरी में तेज रफ्तार रोडवेज बस टैंकर से टकराकर खाई में गिरी, पांच यात्रियों की मौत, 19 घायल
हादसे के बाद इलाके के अस्पतालों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। डॉक्टरों की टीम घायलों को बचाने में जुटी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रशासन उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रहा है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण बस का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या बस में कोई तकनीकी खराबी थी या ओवरस्पीडिंग की वजह से यह हादसा हुआ।




















