विधानमंडल सत्र के दूसरे दिन शोक प्रस्ताव पारित, पांच फरवरी को पेश होगा बजट

यूपी विधानसभा

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन शनिवार को सदन में दिवंगत सदस्यों के लिए शोक प्रस्ताव पेश किया गया। शोक प्रस्ताव पेश होने के बाद विधानमंडल बजट सत्र की कार्यवाही सोमवार तक के लिए स्थगित कर दी गई। शोक प्रस्ताव के जरिये सदन के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई है।

नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने शोक प्रस्ताव को पढ़कर दिवंगत विधानसभा के सदस्यों को अपना श्रद्धा सुमन अर्पित किया। सदन में दिवंगत सदस्य एमएलए मानवेंद्र सिंह और डॉ. एसपी यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की गई है और सीएम योगी ने दोनों के उल्लेखनीय कार्यों को याद करते हुए सदन में मौजूद सदस्यों को परिचित करवाया।

शोक प्रस्ताव में सीएम योगी ने कहा कि इस सदन को सूचित करना पड़ा रहा है कि हमारे वर्तमान विधानसभा के सदस्य मानवेंद्र सिंह का पांच जनवरी, 2024 को 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वथ्य चल रहे थे। उनका निधन हम सबके लिए दुखद है। मानवेंद्र सिंह विधानसभा के दो बार सदस्य रह चुके थे। लगातार दो बार 2017 और 2022 में शाहजहांपुर में ददरौल विधानसभा से भाजपा से विधायक चुने गए थे। इसके अलावा वह विधानसभा की विभिन्न समितियों में सदस्य भी रहे।

योगी ने कहा कि दिवंगत मानवेंद्र सिंह का छात्र राजनीतिक जीवन दीर्घा रहा। उनकी जनता के बीच छवि सौम्य एवं सरल रही। मानवेंद्र सिंह साल 1977-78 में एसएस कॉलेज, शाहजहांपुर के छात्र संघ के अध्यक्ष थे। 1992-95 तक शाहजहांपुर के जिला पंचायत अध्यक्ष रहे। उन्होंने युवाओं और किसानों के लिए काफी महत्वपूर्ण कार्य किए और अपने क्षेत्र के विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा।

यह भी पढ़ें- अभिभाषण पर सपा ने लगाए गो बैक के नारे, तो बोंलीं राज्यपाल, कौन जाएगा ये बाद में चलेगा पता

सीएम ने कहा कि मानवेंद्र सिंह के निधन से भाजपा को अपूर्ण क्षति हुई है। इस सदन के माध्यम से मैं मानवेंद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं। और उनके दुखी परिजनों को अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। यूपी विधानसभा बजट सत्र की शुरुआत दो फरवरी, 2024 से हो गई है।

आज बजट सत्र की कार्यवाही की दूसरा दिन था और शोक प्रस्ताव पेश होने के बाद सदन की कार्यवाही सोमवार के लिए स्थगित कर दी गई। सोमवार पांच फरवरी को योगी सरकार बजट पेश करेगी। उसके बाद छह से सात फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन पर चर्चा होगी। कुल नौ दिन का बजट सत्र 12 फरवरी को समाप्त होगा।

यह भी पढ़ें- सत्र शुभारंभ से पहले CM योगी ने कहा, दलीय सीमाओं से उठ सकारात्मक चर्चा का हिस्सा बने विपक्ष