CM योगी का आरोप, किसान आंदोलन के बहाने षड्यंत्र रच रहा विपक्ष

कोई नहीं होगा गिरफ्तार
फाइल फोटो।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/मेरठ। कृषि कानून पर किसानों के विरोध प्रदर्शन को लेकर मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने रविवार को विपक्ष पर निशाना साधा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को किसानों के विकास से परेशानी हो रही है। इसलिए वे किसान आंदोलन के बहाने षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को ऐसे लोगों से सावधान रहने की आवश्यकता है। ये वे लोग हैं जो देश की प्रगति, गरीब का विकास और किसान की समृद्धि नहीं चाहते। वही लोग आज किसान आंदोलन के सहारे देश को अस्थिर करना चाह रहे है।

विपक्ष पर हमला जारी रखते सीएम योगी ने कहा कि आंदोलन के नाम पर किसानों को गुमराह कर रहे हैं, जो भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं उनकी रिहाई की मांग किसानों के कंधों पर बंदूक रखकर की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का किसान हमेशा से देश की प्रगति में अहम योगदान देता रहा है और आगे भी देता रहेगा। विपक्ष को इस बात से परेशानी है कि किसानों को लाभ भी मिल रहा है, महिला और युवाओं का विकास भी हो रहा है। इतना ही नहीं हमारे बहादुर जवान पाकिस्तान जैसे देश में घुसकर आतंकवादियों का नाश कर रहे हैं।

वहीं मुख्यमंत्री ने कहा आज लोग इसलिए परेशान हैं क्योंकि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को आगे ले जा रहे हैं, इसलिए षड्यंत्र रच रहे हैं। किसानों को आज गन्ना का भुगतान हो रहा है। किसानों के खाते में पैसा जा रहा है, किसानों को फसल बीमा योजना के साथ कई कार्यक्रम आज चल रहे हैं। ये वही लोग हैं जो भारत से नफरत करते हैं और आज किसान आंदोलन की आड़ में एक बार फिर षड्यंत्र रच रहे हैं।

यह भी पढ़ें- कृषि कानून के खिलाफ जारी रहा किसान आंदोलन, पुलिस ने बढ़ाया दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा बंदोबस्त

उन्होंने मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने मेरठ को दिल्ली से जोड़ने के लिए 12 लेन का एक्सप्रेस वे बनवाया है। इस रोड का काम पूरा होने के बाद मेरठ से दिल्ली की दूरी मात्र 45 मिनट हो जाएगी। हम लोग 32 हजार करोड़ रुपये के लागत से भारत सरकार के सहयोग से मेट्रो और दिल्ली को मेरठ से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि इस मेट्रो लाइन को आगे बढ़ाकर मुझफ्फरनगर से जोड़ दें। इसके साथ ही उन्‍होंने कहा कि हरिद्वार से जोड़ने के लिए भी सड़क मार्ग को जोड़ा गया है। बनारस तक जाने के लिए गंगा एक्‍सप्रसवे का निर्माण किया जा रहा है।

सीएम योगी ने आगे कहा कि पश्चिमी यूपी के सभी तबकों के लोगों ने देश के विकास में अहम योगदान दिया है, इसलिए सरकार भी उन योगदान को ध्यान में रखते हुए तेजी से कार्य कर रही है।

बता दें कि मुख्यमंत्री रविवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने मेरठ पहुंचे थे। जहां उन्होंने पश्चिमी यूपी के किसानों की काफी तारीफ की। उन्होंने कहा कि यूपी के किसान मेहनती भी हैं और देशभक्त भी हैं। किसान की तारीफ करते हुए सीएम योगी ने कहा कि किसानों ने खद्यान्न में देश को आत्मनिर्भर बनाया है।

यह भी पढ़ें- बोले किसान, नए कृषि कानूनों को वापस लिये जाने के बाद ही खत्‍म होगा आंदोलन