आरयू वेब टीम। अमेरिका और इजराइल के ईरान के साथ युद्ध का सीधा असर सोमवार को शेयर बाजार पर देखने को मिला। मार्केट भारी गिरावट के साथ खुला है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक सेंसेक्स आज 2744 अंक की जबरदस्त गिरावट के साथ खुला, हालांकि शुरुआती कारोबार में कुछ रिकवरी दिखी। सुबह नौ बजकर 31 मिनट पर सेंसेक्स 1.17 फीसदी या 949 अंक गिरकर 80,384 पर ट्रेड करता दिखा।
उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का सूचकांक निफ्टी इस समय 0.99 फीसदी या 250 अंक की गिरावट के साथ 24,929 पर ट्रेड करता दिखा। सेंसेक्स पैक के शेयरों में आज सबसे अधिक गिरावट लार्सन एंड टुब्रो, इंडिगो, एशियन पेंट, अडानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, मारुति, एनटीपीसी, रिलायंस, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट में देखी जा रही है।
वहीं बीईएल, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा और एयरटेल हरे निशान पर ट्रेड करते दिखाई दिए। अधिकतर सेक्टोरल सूचकांक लाल निशान पर दिखाई दे रहे हैं। निफ्टी ऑटो में 1.24 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 1.08 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 1.45 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.08 फीसदी, निफ्टी रियल्टी में 2.04 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 1.32 फीसदी, निफ्टी ऑयल एंड गैस में 1.71 फीसदी, निफ्टी मिडस्मॉल हेल्थकेयर में 1.07 फीसदी, निफ्टी मिडस्मॉल आईटी एंड टेलीकॉम में 1.16 फीसदी और निफ्टी केमिकल्स में 1.12 फीसदी की गिरावट देखी गई है।



















