20 फरवरी को लांच होगी IT सिटी योजना, पहले किसान-इन्‍वेस्‍टर को बिना पैसा लिये प्‍लॉट देगा एलडीए, आपको इस रेट में मिलेगा भूखंड

आइटी सिटी योजना
बैठक में अधिकारियों को निर्देश देते प्रथमेश कुमार।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। अनंत नगर के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण सालभर के अंदर अपनी दूसरी आवासीय योजना आइ.टी. सिटी लांच करने जा रहा है। लखनऊ के प्राइम लोकेशन सुल्‍तानपुर रोड स्थित इस योजना की लांचिंग अगामी 20 फरवरी को होगी। इस योजना में प्राधिकरण सबसे पहले उन इनवेस्‍टर और किसानों को बिना पैसा लिये प्‍लॉट देगा, जिन्‍होंने लैंड पूलिंग पॉलिसी के तहत अपनी जमीन प्राधिकरण को दी थीं।

प्राधिकरण जमीन मालिकों को उनकी भूमि का एक चौथाई हिस्‍सा प्‍लॉट के रूप में आवंटित करेगा। एलडीए को दी गयी कुल जमीन के 25 प्रतिशत हिस्‍से से भी बड़ा भूखंड लेने पर जमीन मालिक बाकी भूमि का दाम प्राधिकरण को देगा। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने आज आइटी सिटी से जुड़े अधिकारी व इंजीनियरों के साथ बैठक कर योजना की लांचिंग का आदेश जारी किया है। योजना के पहले चरण में 288 से 35 वर्गमीटर तक के प्‍लॉट की काटेगा।

चार हजार प्रति वर्गफिट दाम प्रस्‍तावित

सुल्‍तानपुर रोड के साथ किसान पथ से बेहतरीन कनेक्टिविटी के कारण आइटी सिटी योजना में प्‍लॉट की डिमांड काफी ज्‍यादा होना लगभग तय माना जा रहा। योजना में 288 वर्गमीटर से 35 वर्गमीटर के आवासीय प्‍लॉट नियोजित किये जा रहे। लैंड पूलिंग करने वाले भू-स्वामियों को प्‍लॉट देने के बाद आम लोगों के लिए प्‍लॉट का रजिस्‍ट्रेशन एलडीए खोलेगा। प्‍लॉट की कीमत करीब चार हजार रूपये प्रति वर्गफिट के आसपास होगी।

यह भी पढ़ें- IT सिटी में LDA ने शुरू किया डेवलपमेंट वर्क, तीन करोड़ के प्‍लॉट में बदल जाएगी किसानों की आठ लाख वाली जमीन

इन चार सेक्टरों में आवंटित होंगे भूखंड

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि 27 जनवरी, 2026 तक जिन भू-स्वामियों के लैंड पूलिंग के एग्रीमेंट निष्पादित होंगे। उन सभी को लॉटरी के माध्यम से योजना में ही निःशुल्क विकसित प्‍लॉट आवंटित किये जाएंगे। इसके लिए योजना के सेक्टर-15, 16, 17 व 18 में प्‍लॉट काटे जा रहें हैं।

IGP में होगी लॉटरी

वीसी ने कहा कि आगामी 20 फरवरी को गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मर्करी हॉल में भू-स्वामियों की उपस्थिति में लॉटरी ड्रा का आयोजन किया जाएगा।

125 एकड़ का हुआ एग्रीमेंट

प्रथमेश कुमार ने बताया कि अभी तक 275 भू-स्वामियों (किसान, इनवेस्‍टर व अन्‍य) ने लैंड पूलिंग नीति के तहत अपनी लगभग 125 एकड़ भूमि का एग्रीमेंट किया है। इसके अलावा 150 एकड़ से अधिक भूमि के अनुबंध के प्रस्ताव प्रक्रिया में हैं।

यह भी पढ़ें- LDA की अनंत नगर का शुभारंभ कर बोले CM योगी, जितनी देर में आई आवासीय योजना उतनी ही जल्दी मिले जनता को लाभ

11 गांव की जमीन है ली

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि सुल्तानपुर रोड पर 3490 एकड़ क्षेत्रफल में आइटी सिटी योजना का विकास किया जा रहा। जिसके लिए मोहनलालगंज तहसील के गांव- बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकन्दरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, मोहारी कला, खुजौली और भटवारा की जमीन ली जा रही। प्राधिकरण बोर्ड के निर्णय के अनुसार लैंड पूलिंग, भूमि अर्जन, आपसी सहमति से क्रय के आधार पर भूमि जुटाव का कार्य किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बिल्‍डरों की नाराजगी के बाद बैकफुट पर आया एलडीए, शुरू होने से पहले ही छोटी हुई वेलनेस सिटी, बोर्ड बैठक में इन फैसलों पर भी लगी मुहर