आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लोकभवन में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग एवं उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित आयुष और गृह विभाग के 283 चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे पहले आप सबको हृदय से बधाई देते हुए कहा कि देश सेवा सर्वोपरि, ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का करें निर्वहन। सीएम ने कहा कि ये नियुक्ति पत्र शासन की सूचित, पारदर्शिता का उदाहरण है। सीएम ने कहा पिछले आठ साल में साढ़े आठ लाख से अधिक युवाओं को नौकरी मिली है। अभिभावकों ने जो सपना देखा था, वह आज पूरा हो रहा है।
इस दौरान सीएम ने पूर्व सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि याद कीजिए आठ साल पहले यूपी के इन्हीं आयोगों की क्या स्थिति रहती थी। हाई कोर्ट से लेकर सुप्रीमकोर्ट तक याचिकाएं लंबित पड़ी रहती थी। भर्ती प्रक्रिया लटकी रहती थी, लेकिन अब डेढ़ लाख से अधिक पुलिस भर्ती की गई। 60 हजार से अधिक पुलिस भर्ती अभी हाल में ही पूरी की गई है। इतने ही शिक्षकों की भी भर्ती की गई है। आज यूपी देश के विकास में रुकावट नहीं बन रहा है बल्कि ग्रोथ इंजन के रूप में यूपी खड़ा हुआ है।
इतना ही नहीं आज हर क्षेत्र में उत्तर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। कुंभ में दुनिएभर से आने वाले श्रद्धालुओं ने वहां की व्यवस्था की सराहना की है। योगी ने आगे कहा कि पारम्परिक चिकित्सा के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने एक नया विभाग ही स्थापित कर दिया। पहले योग करने वालों पर लोग हंसते थे। आज पूरी दुनिया योग कर रही है। पहले कुछ लोग हमारी विरासत को कोसने में ही अपनी उपलब्धियां समझते थे। जैसे ही पीएम मोदी ने अपनी विरासत का अगके करने का कार्य किया, पूरी दुनिया हमारी विरासत से जुड़ना चाह रही है। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश में संचालित आयुष के मेडिकल कालेज, अस्पताल, वेलनेस सेंटर व अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
इस मौके पर आयुष विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर, प्रोफेसर, चिकित्सा अधिकारियों के साथ ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला के कनिष्ठ सहायक के पद पर नियुक्त अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए।