70 साल का हुआ उत्‍तर प्रदेश, मुख्‍यमंत्री व डिप्‍टी सीएम ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। देश में सबसे अधिक आबादी वाला राज्य यूपी रविवार को 70 साल का हो गया। 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डिप्‍टी सीएम सहित कई नेताओं ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्‍यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सम्मानित 24 करोड़ नागरिकों को ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ की ढेरों शुभकामनाएं….आइए, हम सब मिल कर ‘नए उत्तर प्रदेश’ के विकास की नई यात्रा पर तेजी से आगे बढ़ें… जय भारत-जय उत्तर प्रदेश। साथ ही सीएम योगी ने सोशल मीडिया के माध्‍यम से ट्वीट कर उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा, ‘मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम और लीलाधर श्रीकृष्ण की पावन जन्मभूमि का प्रदेश, भारत का हृदय प्रदेश, भारतीय संस्कृति का उद्गम स्थल। उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस पर सभी निवासियों को हार्दिक बधाई। आइए, हम सभी ‘आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश’ की संकल्पना को साकार करने हेतु संकल्पित हों।’

वहीं यूपी के उपमुख्‍यमंत्री दिनेश शर्मा ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ‘अन्त्योदय’ के लक्ष्य के साथ निरंतर जनसेवा में रत है। प्रदेश ने सदा ही राष्ट्र निर्माण आंदोलनों की अगुवाई की है और यह क्रम सतत जारी रहे, ऐसी कामना है। प्रभु श्री राम हमारा पथ-प्रशस्त करें। ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ की सभी को शुभकामनाएं।

यह भी पढ़ें- बोले सीएम योगी, सरकार ले रही गारंटी, कांट्रेक्‍ट खेती शुरू होने पर किसानों के हित का रखा जाएगा पूरा ख्‍याल, विपक्ष कर रहा गुमराह

इसके अलावा डिप्‍टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि “उन्नति के रथ पर, बदलाव के पथ पर” उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आइए हम प्रदेश के सर्वांगीण विकास एवं उन्नति के लिए कदम बढ़ाएं और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश बनाएं।

गौरतलब है कि प्रदेश की स्थापना दिवस मनाए जाने का यह तीसरा मौका है। तीन साल पहले 2018 में राज्यपाल राम नाईक की पहल पर पहली बार उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस मनाया गया था। तब से यह परंपरा शुरू हो गई है।

बता दें कि ब्रिटिश शासनकाल के दौरान सन् 1834 तक उत्तर प्रदेश का मौजूदा हिस्सा बंगाल प्रेसीडेंसी के तहत था। कई बदलावों के बाद एक अप्रैल, 1937 को युनाइटेड प्रॉविंस (यूपी) नाम मिला। साल 1947 में देश आजाद होने के बाद 24 जनवरी, 1950 को नामकरण उत्तर प्रदेश हुआ। हालांकि, फिर एक विभाजन हुआ और 50 वर्ष बाद 2000 में उत्तरांचल अलग प्रदेश बना, जिसे उत्तराखंड नाम मिला। क्षेत्रफल के नजरिए से देश के राज्यों में अब यूपी चौथे पायदान पर है।

यह भी पढ़ें- हुनर हाट का उद्धाटन कर बोले CM योगी, UP के परंपरागत उद्यम को ODOP ने विभिन्न देशों तक पहुंचाया