आरयू ब्यूरो, लखनऊ। अगर आप लखनऊ की प्राइम लोकेशन पर बेहद कम दाम में आवास लेने का सपना देख रहें हैं तो अब आपका ये सपना हकीकत बन सकता है। दरअसल लखनऊ विकास प्राधिकरण ने त्योहारों के मौसम में अपनी बहुप्रतिक्षित 72 फ्लैटों वाली सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना लांच कर दी है।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने आज इस बारे में जानकारी देते हुए मीडिया को बताया है कि डालीबाग में माफिया मुख्तार अंसारी के अवैध कब्जे से खाली करायी गयी लगभग 2,314 वर्गमीटर जमीन पर एलडीए ने सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना लांच की है। यहां ग्राउंड प्लस थ्री स्ट्रक्चर के तीन ब्लॉक में 36.65 वर्गमीटर के कुल 72 फ्लैट बनाये गये हैं।
योजना की लोकेशन की बात की जाए तो यह काफी प्राइम है। 20 मीटर चौड़ी बंधा रोड पर स्थित इस योजना से बालू अड्डा, 1090 चौराहा, नरही, सिकन्दरबाग एवं हजरतगंज चौराहा महज पांच से 10 मिनट की दूरी पर है। ईब्ल्यूएस कैटेगरी के इन फ्लैटों की कीमत 10.70 लाख रूपये निर्धारित की गयी है। योजना में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था व दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा मिलेगी।
इसके साथ ही एलडीए ने पारा स्थित अपनी अटल नगर योजना लांच कर दी है। दोनों योजनाओं में वन व टू बीएचके के कुल 2,568 फ्लैट्स होंगे। एलडीए इन योजनाओं के भवनों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन चार अक्टूबर यानी कल से अगामी तीन नवंबर तक के लिए खोल रहा है।
यह भी पढ़ें- खुद को एलडीए का इंजीनियर बता फ्लैट-दुकान दिलाने के नाम पर महिला से ठगे 30 लाख
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पंजीकरण सिर्फ एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही कराया जा सकेगा। इसके लिए भवन के अनुमानित मूल्य की पांच प्रतिशत धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी होगी, जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 प्रतिशत होगी। भवनों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
पारा में मिलेंगे दस लाख में फ्लैट
देवपुर पारा में लांच की गयी अटल नगर आवासीय योजना अल्प आय एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के आशियाने का सपना साकार करेगी। योजना में 12 से लेकर 19 मंजिल के 15 टावरों में कुल 2,496 फ्लैट्स होंगे। इसमें से 1,832 भवन वन बीएचके और 664 फ्लैट टू बीएचके के होंगे। ये भवन 30 से 54.95 वर्गमीटर तक के होंगे, जिनकी कीमत 9.82 लाख रूपये से शुरू होगी।

एलडीए की मानें तो इस अफोर्डेबल हाउसिंग स्कीम में लिफ्ट का भी प्रावधान किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि लिफ्ट से आवंटियों व उनके परिवार में शामिल बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों को आवागमन में किसी भी तरह की असुविधा नहीं होगी। इसके अतिरिक्त योजना में स्वच्छ जल एवं विद्युत आपूर्ति, पावर बैकअप, सुरक्षा व्यवस्था, ग्रीन एवं किड्स प्ले एरिया व पार्किंग आदि की पर्याप्त सुविधा होगी।
गुणवत्ता व सुविधाओं का रखा पूरा ध्यान: वीसी
इस मौके पर वीसी प्रथमेश कुमार ने कहा है कि राजधानी में अल्प आय एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों की आवासीय जरूरतों को पूरा करने के लिए अटल नगर एवं सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना लांच की गयी है। इन योजनाओं की लोकेशन काफी अच्छी है और निर्माण की गुणवत्ता व सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। भवनों के लिए पंजीकरण ऑनलाइन माध्यम से ही किया जाएगा और आवंटन लॉटरी ड्रा से होगा।




















