अनुज सिंह ने संभाला एलडीए उपाध्‍यक्ष का पदभार, ऑफिस का निरीक्षण कर बताई प्राथमिकताएं

एलडीए वीसी अनुज सिंह
चार्ज ग्रहण करते एलडीए वीसी अनुज सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त उपाध्यक्ष अनुज सिंह ने आज एलडीए में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। चार्ज संभालने के साथ ही वीसी ने आज एलडीए कार्यालय का निरीक्षण किया और मीडिया को अपनी प्राथमिकताएं बताई।

वीसी ने कहा है की वरुण विहार, नैमिष नगर, अनंत नगर, आइटी सिटी व वेलनेस सिटी समेत अन्‍य योजनाओं को व्‍यवस्थित ढंग से पूरा कराना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके साथ ही पुलिस-प्रशासन व अन्‍य विभागों के साथ तालमेल बिठाकर ट्रैफिक समेत सूबे की राजधानी को और बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे।

वहीं आवंटियों व आम जनता से जुड़े कामों को भी प्राथमिकता के आधार पर एलडीए में कराया जायेगा, जिससे की लोगों को किसी तरह की दिक्‍कत का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्‍होंने भ्रष्‍टाचार, लापरवाही व मनमानी करने वाले अफसर-इंजीनियरों को भी चेताया है कि वह अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करें।

यह भी पढ़ें- LDA ऑफिस में ही उड़ी ई-टेंडर की धज्जियां, तबादले के बाद भी जमे बेखौफ इंजीनियर बिना निविदा ही नई बिल्डिंग में करा रहें साढ़े चार करोड़ का रेनोवेशन

चार्ज संभालते ही आज वीसी ने प्राधिकरण के सचिव, अपर सचिव, चीफ इंजीनियर व वित्‍त नियंत्रक समेत अन्‍य अधिकारियों से संक्षिप्‍त मुलाकात करते हुए उनका परिचय प्राप्‍त किया। साथ अपने नये ऑफिस की वर्किंग स्‍टाइल समझने के लिए प्राधिकरण के भूतल व प्रथम तल का निरीक्षण किया। इस दौरान वीसी ने प्रवर्तन सेल, संपत्ति, रजिस्‍ट्री सेल, कॉमर्शियल सेल, पीआरओ ऑफिस व कुछ अधिकारियों के कैंप में भी जाकर वहां मौजूद अफसर-कर्मियों से बातचीत कर फाइलें व रजिस्‍टर देखा।

पहली बार एक ही दिन LDA को मिला नया VC-सचिव

विभाग के मुखिया समेत एलडीए की दो सबसे बड़ी कुर्सी पर पहली बार एक ही दिन में दो अफसरों ने चार्ज संभाला है। आइएएस अधिकारी अनुज सिंह के अलावा आज पीसीएस अफसर अतुल कुमार ने एलडीए पहुंचकर सचिव का पदभार ग्रहण किया। अतुल कुमार का बीते सितंबर में एलडीए के संयुक्‍त सचिव के पद से भातखण्‍डे संस्‍कृति विश्‍वविद्यालय के कुलसचिव के लिये तबादला किया गया था, जहां से उनकी सचिव के पद पर एलडीए में वापसी के लिए बीती रात शासन ने आदेश जारी किया था, जबकि यहां तैनात पीसीएस अधिकारी सुशील प्रताप सिंह को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की जिम्‍मेदारी दी गयी है।

यह भी पढ़ें- एलडीए के अफसर चाहे तो जनता के लिए नासूर बनने से पहले ही टूट सकता है अवैध निर्माण

विकास प्राधिकरण के अनुभवी हैं अनुज सिंह

साल 2013 बैच के आइएएस अधिकारी अनुज सिंह यूपी कैडर के अधिकारी हैं। उन्हें प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ शहरी विकास एवं विकास प्राधिकरणों के संचालन का व्यापक अनुभव प्राप्त है। एलडीए से पहले वह गोरखपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, जिलाधिकारी हापुड़, जिलाधिकारी सीतापुर, जिलाधिकारी मुरादाबाद एवं विशेष सचिव, मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन समेत विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

विभाग के दीमकों से निपट सके तो…

अनुज सिंह ने आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री प्राप्त की है। जीडीए में उपाध्यक्ष तथा विभिन्न जिलों में डीएम के तौर पर काम करने के अनुभव को देखते हुए लखनऊ के सुनियोजित शहरी विकास एवं प्रशासनिक कार्यों में उपयोगी साबित होने की उम्‍मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- सीएम योगी की छवि धूमिल करने वालों पर LDA में गाज गिरना शुरू, जांच पूरी होने से पहले हटाया गया जोनल अफसर, JE का बदला जोन

साथ ही यह भी समझ जा रहा कि आए दिन जनहित के कामों को लटकाने व गैर जरूरी कामों पर करोड़ों रुपये फूंकने को लेकर चर्चा में रहने वाले एलडीए की छवि में भी सुधार आयेगा। हालांकि यह तभी संभव हो सकेगा जब नवागत एलडीए वीसी प्राधिकरण को बड़ी आर्थिक चोट देने वाली डीलिंग करने वाले शातिर अफसर-इंजीनियरों को पहचान उनपर नकेल कसने में कामयाब हो सकेंगे।

यह भी पढ़ें- ग्रीन जोन बनें NHAI के शहीद पथ की हरियाली के नाम पर जनता के 43 करोड़ फूंकेगा LDA!, टेंडर भी कराया टुकड़ों में, उठ रहें सवाल

एलडीए सचिव अतुल कुमार
नवागत सचिव अतुल कुमार।